नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि अमेरिका युद्ध जीत चुका है. उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में टोल वसूलने का अधिकार अब अमेरिका के पास है क्योंकि ईरान सैन्य रूप से हार चुका है. ट्रंप ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर ईरान समझौता नहीं करता तो उसके सारे पावर प्लांट और पुल उड़ा दिए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि ईरान पूरी तरह तबाह हो जाएगा. व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरानी जनता खुद अपनी सरकार के खिलाफ ज्यादा हमलों की मांग कर रही है. होर्मुज बंद रहने से विश्व स्तर पर ऊर्जा संकट गहरा गया है. ईरान का कहना है कि स्थायी युद्धविराम के बिना रास्ता नहीं खोलेगा. ट्रंप ने 10 दिन की समय-सीमा को कल तक बढ़ा दिया है और मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 1 बजे) के बाद कोई रियायत नहीं देने की बात कही है.
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका विजेता है इसलिए होर्मुज में जहाजों से टोल वसूलने का अधिकार भी अमेरिका का होना चाहिए. उन्होंने ईरान द्वारा टोल वसूलने की किसी भी संभावना को सिरे से खारिज कर दिया. राष्ट्रपति ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि अमेरिका के पास इस योजना को लागू करने का ठोस तरीका है और अब शर्तें अमेरिका तय करेगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान सैन्य रूप से हार चुका है और अब अमेरिका ही इस क्षेत्र में नियम बनाएगा. ट्रंप ने साफ किया कि उन्हें केवल ऐसा समझौता मंजूर होगा जिसमें तेल की आवाजाही बिना किसी रोक-टोक के हो.
ईरान के पूर्व विदेश मंत्री ने ट्रंप को मूर्ख राष्ट्रपति करार देते हुए चेतावनी दी कि अमेरिका को ईरान के इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला नहीं करना चाहिए. उन्होंने अरब देशों के शासकों से अपील की कि वे ट्रंप को सबक सिखाएं और पूरे क्षेत्र को अंधेरे में डूबने से बचाएं. पूर्व मंत्री ने कहा कि ट्रंप खाड़ी देशों के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते. उन्होंने ट्रंप की धमकी को खतरनाक बताया और कहा कि इससे पूरा क्षेत्र प्रभावित होगा.
ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें कई संदेश मिले हैं जिनमें ईरानी जनता अपनी सरकार के खिलाफ ज्यादा हमलों की मांग कर रही है. जब उनसे पूछा गया कि आम ईरानी नागरिकों पर हमलों का क्या असर पड़ेगा तो उन्होंने कहा कि लोग आजादी के लिए तकलीफ उठाने को तैयार हैं. ट्रंप ने ईरान में शासन परिवर्तन की बात पर जोर देते हुए कहा कि ईरानी लोगों को अपनी सरकार के खिलाफ खड़ा होना चाहिए. उन्होंने हर फैसला सोच-समझकर लिया है.
ट्रंप ने अपनी पुरानी धमकी को दोहराते हुए कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो ईरान के पास कोई पुल या पावर प्लांट नहीं बचेगा और देश पाषाण युग में चला जाएगा. उन्होंने समय-सीमा कल तक बढ़ा दी है लेकिन मंगलवार रात 8 बजे के बाद कोई छूट नहीं मिलेगी. ट्रंप ने कहा कि होर्मुज के रास्ते दुनिया का 20 प्रतिशत तेल गुजरता है और इसे बिना रोक-टोक सुनिश्चित करना जरूरी है. उन्होंने पूरे आत्मविश्वास से कहा कि अमेरिका इस जंग को जीत चुका है और अब शर्तें उनके अनुसार तय होंगी.