ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मूज में तेल टैंकर पर किया हमला, 15 भारतीय नाविक थे सवार, सामने आया विस्फोट का घातक वीडियो
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल परिवहन का सबसे अहम मार्ग माना जाता है. खाड़ी देशों से निकलने वाला बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचता है.
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने एक बड़ा समुद्री हमला किया है. ओमान के तट के पास स्थित रणनीतिक समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक तेल टैंकर को निशाना बनाया गया. इस टैंकर पर 20 सदस्यीय दल सवार था, जिसमें 15 भारतीय नागरिक भी शामिल थे. हमले में कुछ लोग घायल हुए, लेकिन सभी क्रू को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
ओमान तट के पास हुआ हमला
जानकारी के अनुसार पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर “स्काईलाइट” पर ओमान के मुसंदम क्षेत्र के पास हमला हुआ. यह स्थान खासाब बंदरगाह से लगभग 5 नॉटिकल मील दूर बताया गया है. ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने पुष्टि की कि हमले के बाद जहाज से सभी क्रू सदस्यों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. इस टैंकर पर कुल 20 लोग थे, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे. हमले में कम से कम चार लोगों के घायल होने की सूचना है.
दुनिया का सबसे संवेदनशील समुद्री रास्ता
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल परिवहन का सबसे अहम मार्ग माना जाता है. खाड़ी देशों से निकलने वाला बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचता है. इसलिए यहां किसी भी सैन्य या आतंकी कार्रवाई का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल कीमतों पर पड़ सकता है.
बढ़ते संघर्ष के बीच कार्रवाई
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमलों के बाद ईरान क्षेत्र में जवाबी कार्रवाई कर रहा है. हाल के दिनों में ओमान के दुक्म बंदरगाह के पास ड्रोन हमलों की खबरें भी सामने आई थीं. विशेषज्ञों का मानना है कि खाड़ी क्षेत्र अब बड़े टकराव की ओर बढ़ सकता है.
पहली बार ओमान के पास निशाना
रिपोर्टों के अनुसार ओमान या उसके आसपास के समुद्री क्षेत्र में इस तरह का सीधा हमला पहली बार देखा गया है. इससे क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. खाड़ी देशों ने समुद्री मार्गों और बंदरगाहों की सुरक्षा बढ़ा दी है.