गाजा में इजरायल की एयरस्ट्राइक, हमास के राफा ब्रिगेड प्रमुख कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत
हमास के सशस्त्र संगठन अल-कसम ब्रिगेड ने अपने वरिष्ठ कमांडर समीर अबू यूनिस की इजरायली एयरस्ट्राइक में मौत की पुष्टि की है.
गाजा में इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच इजरायली सेना ने एक और बड़ी सैन्य कार्रवाई की है. हमास के सशस्त्र संगठन अल-कसम ब्रिगेड ने रविवार को अपने वरिष्ठ कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत की पुष्टि की है. 53 वर्षीय समीर अबू यूनिस दक्षिणी गाजा में संगठन की राफा ब्रिगेड का प्रमुख था. उस पर 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले की योजना बनाने और उसकी निगरानी करने में अहम भूमिका निभाने का आरोप था.
रिपोर्ट के मुताबिक समीर अबू यूनिस शनिवार को दक्षिणी गाजा में इजरायली एयरस्ट्राइक में मारा गया. इससे पहले इजरायल की सेना और सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने संयुक्त बयान जारी कर खान यूनिस में ड्रोन हमले के जरिए हमास के एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर को निशाना बनाने की जानकारी दी थी. हालांकि, उस समय इजरायल ने कमांडर की पहचान उजागर नहीं की थी.
खान यूनिस के मवासी इलाके में हुआ हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खान यूनिस के मवासी इलाके में एक सड़क पर समीर अबू यूनिस को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया. इस हमले में उसकी मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए. बाद में हमास के अल-कसम ब्रिगेड ने रविवार को उसकी पहचान सार्वजनिक करते हुए मौत की पुष्टि की.
Also Read
- अमेरिका में 11 हजार से ज्यादा फ्लाइट प्रभावित, हटाया गया ग्राउंड स्टॉप; जानें आखिर क्यों ठप हुआ एयर ट्रैफिक सिस्टम?
- अमेरिका के सभी एयरपोर्ट पर अचानक फ्लाइट्स बंद, 7000 उड़ानों पर असर, जानें क्या है बड़ी वजह?
- अमेरिका में भरभराकर गिरी इमारत, दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
हमास के अनुसार, समीर अबू यूनिस वर्ष 1991 में संगठन के सशस्त्र विंग में शामिल हुआ था. इसके बाद उसने राफा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सैन्य और संचालन संबंधी जिम्मेदारियां संभालीं. संगठन में उसकी भूमिका लगातार बढ़ती गई और बाद में उसे राफा ब्रिगेड का कमांडर नियुक्त किया गया. उसकी मौत के बाद रविवार दोपहर खान यूनिस में अंतिम संस्कार किया जाना निर्धारित था.
7 अक्टूबर 2023 के हमले की योजना में था शामिल
समीर अबू यूनिस को हमास के उन वरिष्ठ कमांडरों में शामिल बताया गया, जिन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले की योजना बनाने और उसकी निगरानी में भूमिका निभाई थी. उस दिन हमास के नेतृत्व वाले लड़ाकों ने दक्षिणी इजरायल में हमला किया था, जिसमें करीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी. इस हमले के बाद इजरायल ने गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया था.
इजरायल की सैन्य कार्रवाई में गाजा में भारी तबाही हुई और हजारों लोगों की जान गई. अबू यूनिस की मौत को हमास के सैन्य नेतृत्व के लिए एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है.
सीजफायर के बावजूद गाजा में जारी हैं हमले
समीर अबू यूनिस की मौत ऐसे समय में हुई है, जब अक्टूबर 2025 में इजरायल और हमास के बीच सीजफायर लागू हुआ था. इस समझौते के बाद गाजा में बड़े पैमाने पर जारी लड़ाई पर विराम लगा था, लेकिन इजरायली हमले पूरी तरह बंद नहीं हुए. वहीं, हमास के निरस्त्रीकरण को लेकर भी कोई अंतिम समाधान नहीं निकल सका है.
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, सीजफायर लागू होने के बाद से अब तक कम से कम 1,600 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है. इसी अवधि में पांच इजरायली सैनिकों की भी जान गई है. फिलिस्तीनी अधिकारियों का दावा है कि 7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद शुरू हुए इजरायल के सैन्य अभियान में अब तक 74,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है. गाजा में लगातार हो रही सैन्य कार्रवाइयों के कारण क्षेत्र में शांति बहाली की कोशिशों को लेकर सवाल बने हुए हैं.