'आदिवासी संस्कृति और विरासत को नमन', बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड का स्थापना दिवस पर PM मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को बधाई दी.

Pinterest
Km Jaya

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 15 नवंबर को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर उन्होंने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि विदेशी शासन के अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा. प्रधानमंत्री ने इस मौके पर झारखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर बिरसा मुंडा को नमन किया. उन्होंने लिखा कि जनजातीय गौरव दिवस के पावन अवसर पर पूरा देश मातृभूमि के गौरव की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान को याद कर रहा है. विदेशी शासन के अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष और बलिदान हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा. प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया.

झारखंड स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के स्थापना दिवस पर भी राज्य के लोगों को बधाई दी. उन्होंने झारखंड को आदिवासी संस्कृति से समृद्ध और गौरवशाली राज्य बताया. पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती का इतिहास साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाओं से भरा हुआ है.


देशभर में मनाया जा रहा जनजातीय गौरव वर्ष

केंद्र सरकार देश के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों और जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान देने के लिए जनजातीय गौरव वर्ष मना रही है. इसका उद्देश्य देश की आजादी और सामाजिक इतिहास में आदिवासी नायकों की भूमिका को सामने लाना है. 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के नर्मदा जिले में राष्ट्रीय स्तर का जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. देशभर में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के लिए उनके योगदान को याद किया जा रहा है.