ट्रेन को उड़ाने की थी साजिश? राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में दो गिरफ्तार, पाकिस्तान की ISI से जुड़े तार!
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में पुलिस ने देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर को गिरफ्तार किया है. दोनों पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले हैं.
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में एक महिला भी शामिल है. दोनों आरोपी पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले हैं. पुलिस को इस मामले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने का शक है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर एक यात्री ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है. दोनों को राजस्थान ATS, राजस्थान पुलिस और गुरदासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें पूछताछ के लिए राजस्थान लाया गया है. यह कार्रवाई 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुए धमाके की जांच के दौरान की गई.
पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के इशारे पर धमाके का आरोप
जांच में सामने आया है कि इस विस्फोट के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की साजिश होने का संदेह है. पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे 'शाह' नाम के एक कथित हैंडलर ने दोनों आरोपियों को रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने का काम सौंपा था. जांच एजेंसियों को शक है कि देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर ने उसी के निर्देश पर रेलवे लाइन पर विस्फोटक लगाया था.
Also Read
पुलिस का दावा है कि साजिश का मकसद रेलवे ट्रैक पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाकर एक यात्री ट्रेन को उड़ाना था. हालांकि, जिस समय विस्फोट हुआ, उससे पहले ही ट्रेन उस स्थान से गुजर चुकी थी. इस वजह से ट्रेन में सवार यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया.
पाकिस्तान से खाते में भेजे गए पैसे, हथियार भी मिलने का दावा
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि महकदीप कौर के बैंक खाते में पाकिस्तान से पैसे भेजे गए थे. इसके अलावा आरोपियों को पाकिस्तान से हथियार उपलब्ध कराए जाने की बात भी सामने आई है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पिस्तौल और 46 कारतूस बरामद किए हैं. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पाकिस्तान से आरोपियों तक पैसे और हथियार किस माध्यम से पहुंचाए गए. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
कई संदिग्धों से पूछताछ और गिरफ्तारियां
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है. खबरों के मुताबिक, कुछ ऐसे लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिन पर आरोपियों की मदद करने का शक है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की योजना कैसे बनाई गई, आरोपियों को पाकिस्तान से निर्देश कैसे मिले और इस साजिश में अन्य किन लोगों की भूमिका रही. पुलिस को आशंका है कि इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं.