Holi 2026 T20 World Cup 2026

आसमान में ही ढेर हुआ ड्रोन, दुनिया की तीसरे सबसे बड़े बंदरगाह फुजैराह में गिरा मलबा; वीडियो में देखें तबाही का भीषण मंजर

मंगलवार तड़के फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री जोन में एक ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद मलबा गिरने से आग लग गई. प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति पर काबू पा लिया और कोई हताहत नहीं हुआ.

X/@visegrad24
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख व्यापारिक केंद्र फुजैरा में मंगलवार की सुबह दहशत का माहौल रहा. शहर के अलग-अलग हिस्सों में धमाकों की तेज आवाजें सुनी गईं. दरअसल, यूएई की वायु रक्षा प्रणालियों ने एक संदिग्ध ड्रोन को बीच में ही रोककर नष्ट कर दिया था, जिसका मलबा फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री जोन (FOIZ) में गिरा. इससे वहां आग भड़क उठी, जिसे बुझाने के लिए आपातकालीन टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.

फुजैरा बंदरगाह दुनिया के तीसरे सबसे बड़े बंकरिंग हब के रूप में जाना जाता है, जहां जहाजों में ईंधन भरने का काम बड़े स्तर पर होता है. वैश्विक तेल व्यापार और रसद आपूर्ति के लिए यह जोन रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है. मंगलवार तड़के हुई इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है. फुजैरा मीडिया कार्यालय के अनुसार, घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए ताकि तेल आपूर्ति श्रृंखला पर कोई बड़ा असर न पड़े.

आपातकालीन टीमों की त्वरित कार्रवाई 

जैसे ही आग लगने की खबर मिली, दमकल और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. फुजैरा मीडिया कार्यालय ने बताया कि तेज आवाजों के बाद अधिकारियों ने तेजी से प्रतिक्रिया दी. आग को एक सीमित घेरे में रोक लिया गया और जल्द ही इसे पूरी तरह से बुझा दिया गया. सुरक्षा विशेषज्ञों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद पुष्टि की कि अब सब कुछ नियंत्रण में है और इलाके में परिचालन फिर से सामान्य हो गया है.

पहली बार फुजैरा में ऐसी घटना 

फुजैरा के इतिहास में यह अपनी तरह की पहली घटना दर्ज की गई है. इससे पहले कभी भी इस क्षेत्र में ड्रोन या मलबे गिरने की रिपोर्ट नहीं मिली थी. हालांकि, क्षेत्रीय तनाव के बीच यूएई के अन्य हिस्सों में सुरक्षा चुनौतियां देखी गई हैं. ठीक एक दिन पहले, 2 मार्च को रास अल खैमाह के एक रिहायशी इलाके में भी ड्रोन का मलबा गिरने की खबर सामने आई थी. इन घटनाओं ने पड़ोसी अमीरात में सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है.

यूएई के अन्य प्रमुख अमीरात, जैसे दुबई और अबू धाबी, संघर्ष की शुरुआत से ही बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन गतिविधियों का सामना कर रहे हैं. फुजैरा और रास अल खैमाह की तुलना में, वहां की घटनाएं अधिक गंभीर रही हैं, जिनमें कुछ मौकों पर लोगों की जान भी गई है और कई घायल हुए हैं. फुजैरा में हुई यह नवीनतम घटना दर्शाती है कि सुरक्षा एजेंसियां खतरों को बेअसर करने के लिए लगातार मुस्तैद हैं.

अफवाहों से बचने की आधिकारिक सलाह 

अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें. सुरक्षा टीमों ने नागरिकों से केवल आधिकारिक सरकारी स्रोतों पर भरोसा करने को कहा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. वर्तमान में संबंधित टीमें स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.