'कपड़े फटे थे, खून बह रहा था', पूर्व मिस स्विट्जरलैंड ने ट्रंप पर लगाया रेप का आरोप

पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस क्यूल ने आरोप लगाया है कि 1993 में डोनाल्ड ट्रंप ने उनके साथ रेप किया था. अमेरिकी हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों की 53 पन्नों की रिपोर्ट में उनके आरोपों का जिक्र किया गया है.

@Abhishek060722 X Account
Km Jaya

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस क्यूल ने 1993 में यौन उत्पीड़न और रेप का गंभीर आरोप लगाया है. अमेरिकी हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों की ओर से जारी 53 पन्नों की एक रिपोर्ट में क्यूल के आरोपों का जिक्र किया गया है. हालांकि व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे डेमोक्रेट्स की राजनीतिक कोशिश बताया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, बीट्रिस क्यूल ने पहले नवंबर 1993 की एक घटना को लेकर ट्रंप पर उन्हें गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था. अब अपने इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया है कि उसी दौरान ट्रंप ने उनके साथ रेप किया था. क्यूल ने कथित घटना को बेहद क्रूर बताया है.

रिपोर्ट में क्या किया गया दावा?

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि क्यूल की मुलाकात ट्रंप से न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में एक सौंदर्य प्रतियोगिता के दौरान हुई थी. उस समय वह 24 साल की थीं. क्यूल के अनुसार, ट्रंप ने उन्हें वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने में मदद करने का भरोसा दिया था.

क्यूल के कथित बयान के अनुसार, इसी दौरान जेफरी एप्स्टीन ने उनसे संपर्क किया और खुद को ट्रंप का करीबी दोस्त बताते हुए उन्हें मार-ए-लागो में एक पार्टी में आने का न्योता दिया. इसके बाद रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने क्यूल को होटल के ऊपर वाले हिस्से में उनसे मिलने के लिए बुलाया.

क्या लगाया गया है आरोप?

डेमोक्रेट्स की रिपोर्ट में क्यूल के हवाले से आरोप लगाया गया है कि कमरे में पहुंचने के बाद ट्रंप ने उन्हें पीछे से पकड़ा और जबरदस्ती रेप किया. रिपोर्ट के अनुसार, इस कथित घटना में उनकी ड्रेस फट गई और उनके शरीर पर चोट और खून आने की बात कही गई है. क्यूल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद ट्रंप ने उन्हें चुप रहने के लिए कहा और वीजा तथा एनवाईयू में दाखिले में मदद का भरोसा दोहराया.

रिपोर्ट में इन आरोपों को ट्रंप के खिलाफ पहले सामने आए यौन उत्पीड़न के अन्य आरोपों से जोड़ते हुए कथित व्यवहार के पैटर्न का हिस्सा बताया गया है. हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के शीर्ष डेमोक्रेट जेमी रस्किन ने न्याय विभाग पर राष्ट्रपति को बचाने का आरोप लगाया है. डेमोक्रेट्स ने ट्रंप और एप्स्टीन के संबंधों की स्वतंत्र जांच के लिए विशेष वकील नियुक्त करने की मांग की है.

क्या है पूरा मामला?

ट्रंप लंबे समय से एप्स्टीन के साथ अपने संबंधों को लेकर किसी भी आपराधिक गलत काम से इनकार करते रहे हैं. एप्स्टीन की 2019 में संघीय हिरासत में मौत हो गई थी. उस समय वह नाबालिगों से जुड़े सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में मुकदमे का सामना कर रहा था.

व्हाइट हाउस ने रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को खारिज किया है. राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने इसे डेमोक्रेट्स की राजनीतिक कोशिश बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य रिपब्लिकन पार्टी और राष्ट्रपति ट्रंप की बढ़ती राजनीतिक ताकत से जनता का ध्यान भटकाना है. ट्रंप पर इस मामले में कोई आपराधिक आरोप लगाए जाने की बात रिपोर्ट में नहीं कही गई है.