World Most Risky Cities: फोर्ब्स एडवाइजर की एक लेटेस्ट रिपोर्ट में पाकिस्तानी शहर कराची को पर्यटकों के लिए दूसरा सबसे जोखिम भरा शहर माना गया है. इस शहर को 100 में से 93.12 अंक मिले हैं. रैंकिंग में कराची को वेनेजुएला के कराकास से ठीक पीछे रखा गया है, जो 100 अंकों के साथ सूची में सबसे ऊपर है. म्यांमार के यांगून ने 91.67 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश की राजधानी ढाका को 6वां सबसे जोखिम भरा शहर माना गया है.
कराकास को पर्यटकों के लिए दुनिया का सबसे जोखिम भरा शहर माना जाता है. इस रैंकिंग में योगदान देने वाले कारकों में क्राइम रेट, हिंसा, राजनीतिक अस्थिरता और आर्थिक चुनौतियों को शामिल किया गया है. कराची को अपराध, हिंसा, आतंकवादी खतरों और प्राकृतिक आपदाओं समेत महत्वपूर्ण व्यक्तिगत सुरक्षा जोखिमों का सामना करना पड़ता है. शहर की यात्रा सुरक्षा को अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से लेवल तीन में रखा गया है, जिसका मतलब होता है कि अगर आपने यहां घूमने का प्लान किया है, तो एक बार फिर सोच लें.
इसके अतिरिक्त, कराची खराब बुनियादी ढांचे से जूझ रहा है, जो वैश्विक स्तर पर बुनियादी ढांचे की सुरक्षा जोखिमों में चौथे स्थान पर है. फोर्ब्स एडवाइजर ने पर्यटकों के लिए सबसे ज़्यादा और सबसे कम जोखिम वाले शहरों का निर्धारण करने के लिए सात प्रमुख मापदंडों के आधार पर 60 अंतरराष्ट्रीय शहरों का मूल्यांकन किया गया.
1. कराकास (वेनेजुएला)
2. कराची (पाकिस्तान)
3. यांगून (बर्मा)
4. लागोस (नाइजीरिया)
5. मनीला (फिलीपींस)
6. ढाका (बांग्लादेश)
7. बोगोटा (कोलंबिया)
8. काहिरा (मिस्र)
9. मेक्सिको सिटी (मेक्सिको)
10. क्विटो (इक्वाडोर)
सबसे जोखिम भरे शहरों के विपरीत, फोर्ब्स एडवाइजर ने पर्यटकों के लिए सबसे सुरक्षित शहरों की भी सूची बनाई है. सिंगापुर 0 के असाधारण स्कोर के साथ दुनिया का सबसे सुरक्षित शहर माना गया है. सुरक्षा, कुशल बुनियादी ढांचे और कम अपराध दर के लिए टोक्यो को इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर रखा गया है.
गौर करने वाली बता ये कि सबसे सुरक्षित और सबसे खराब यानी दोनों शहर एशिया में ही हैं. सूची में सबसे उच्च रैंकिंग वाला यूरोपीय शहर इटली का मिलान है, जो 26वें स्थान पर है. 28वें स्थान पर रोम और 31वें स्थान पर पेरिस शामिल हैं. इनके अलावा, ज्यूरिख, कोपेनहेगन और एम्स्टर्डम जैसे शहर भी सुरक्षित माने गए हैं.