T20 World Cup 2026

अमेरिका में जनवरी से अबतक 8 भारतीय छात्रों की मौत, जानें कहां तक पहुंची जांच

अमेरिका में जनवरी से लेकर अबतक अमेरिका में पढ़ने वाले भारतीय और भारतीय मूल के 8 छात्रों की मौत हो चुकी है. हाल की घटनाओं को लेकर छात्रों के बीच डर का माहौल है.

India Daily Live

हाल ही में ओहियो के क्लीवलैंड में सत्य साईं गड्डे की मौत ने एक बार फिर अमेरिका में भारतीय छात्रों की सुरक्षा के मुद्दे को सुर्खियों में ला दिया है. शुक्रवार को न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि गड्डे की मौत की पुलिस जांच चल रही है और भारतीय मिशन परिवार के संपर्क में बना हुआ है.

हायर एजुकेशन के लिए रिकॉर्ड संख्या में भारतीय छात्र संयुक्त राज्य अमेरिका आते हैं. 2024 की शुरुआत से अब तक अमेरिका में 8 भारतीय और भारतीय मूल के छात्रों की मौत हो चुकी है. अमेरिका में ग्लोबल हिंदू हेरिटेज फाउंडेशन (जीएचएचएफ) ने मौतों की स्वतंत्र एफबीआई जांच की मांग करते हुए एक याचिका दायर की है.

अमरनाथ घोष
कोलकाता के पेशेवर भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक अमरनाथ घोष की मिसिसिपी राज्य में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घोष सेंट लुइस में वाशिंगटन विश्वविद्यालय से नृत्य में मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) की पढ़ाई कर रहे थे.

समीर कामथ
समीर कामथ को इस सप्ताह अमेरिका में एक नेचर रिजर्व में मृत पाया गया. कामथ की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. कामथ के पास अमेरिकी नागरिकता थी और उन्होंने पिछले साल अगस्त में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की थी.

श्रेयस रेड्डी
भारतीय छात्र श्रेयस रेड्डी बेनिगेरी फरवरी में ओहियो के सिनसिनाटी राज्य में मृत पाए गए थे. रिपोर्टों में कहा गया कि श्रेयस की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. श्रेयस रेड्डी लिंडनर स्कूल ऑफ बिजनेस, सिनसिनाटी विश्वविद्यालय से बिजनेस स्टैटिस्टिक्स में ग्रेजुएशन कर रहे थे.

विवेक सैनी
25 वर्षीय भारतीय छात्र विवेक सैनी की जनवरी में एक व्यक्ति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. सख्श ने हथौड़े से सैनी का चेहरा और सिर कुचल दिया था. आरोपी को घटनास्थल पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था. यह घटना अमेरिकी राज्य जॉर्जिया के लिथोनिया में हुई थी.

नील आचार्य
पर्ड्यू विश्वविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान की पढ़ाई कर रहे नील आचार्य का शव लापता होने के एक दिन बाद विश्वविद्यालय परिसर में मिला. वह जॉन मार्टिंसन ऑनर्स कॉलेज में कंप्यूटर विज्ञान और डेटा विज्ञान की पढ़ाई कर रहे थे.

अकुल धवन
अमेरिका में यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस अर्बाना-शैंपेन में 18 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्र अकुल धवन का जनवरी में कई घंटों तक लापता रहने के बाद शव बरामद किया गया. 

जी दिनेश और निकेश
जनवरी में अमेरिकी राज्य कनेक्टिकट में दो भारतीय छात्रों का शव उनके घर पर मिला था.  हार्टफोर्ड शहर में मृत पाए गए दो रूममेट्स की पहचान वानापर्थी, तेलंगाना के गट्टू दिनेश और आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के निकेश के रूप में हुई थी. दोनों छात्रों की उम्र 20 वर्ष के आसपास थी.