T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कैसा है भारतीय टीम का रिकॉर्ड? आंकड़े खुद दे रहे गवाही

2021 के बाद से भारतीय टीम को यहां तीन टी20 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. इसके बावजूद जीत का प्रतिशत अच्छा होने के कारण यह रिकॉर्ड टीम के लिए उत्साह बढ़ाने वाला माना जा रहा है.

@BCCI
Anuj

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. यह बड़ा मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. फाइनल को लेकर भारतीय फैंस में उत्साह के साथ-साथ थोड़ी चिंता भी है.

दरअसल, इसी मैदान पर भारत को 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. उस हार को भारतीय फैंस अभी तक नहीं भूले हैं. इसके अलावा मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत को सुपर-8 के एक मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इसी मैदान पर हार मिली थी.

भारतीय टीम का अच्छा प्रदर्शन

अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो इस मैदान पर टी20 क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है. भारतीय टीम ने इस मैदान पर अब तक कुल 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. इनमें से भारत ने 7 मुकाबले जीते हैं, जबकि केवल 3 मैचों में हार मिली है. इस मैदान पर भारत ने इंग्लैंड, नीदरलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी टीमों को भी हराया है. 

जीत का प्रतिशत 50 फीसदी से अधिक

2021 के बाद से भारतीय टीम को यहां तीन टी20 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. इसके बावजूद जीत का प्रतिशत अच्छा होने के कारण यह रिकॉर्ड टीम के लिए उत्साह बढ़ाने वाला माना जा रहा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय टीम ने इस स्टेडियम में अब तक दो मुकाबले खेले हैं. इनमें से एक मैच में भारत को जीत मिली, जबकि दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार का सामने करना पड़ा. 

इतिहास बदलने की चुनौती

अगर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की बात करें तो न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए हैं और तीनों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में फाइनल मुकाबले में भारत के सामने इतिहास बदलने की चुनौती होगी.

क्या इतिहास बनाएगी भारतीय टीम

अगर भारतीय टीम इस बार खिताब जीतने में सफल रहती है तो वह लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी. इससे पहले ऐसा कारनामा कोई टीम नहीं कर पाई है. इस वर्ल्ड कप के दौरान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक छह मैच खेले गए हैं. इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को दो मैचों में जीत मिली है. एक मुकाबला टाई भी रहा है.