Budget 2026

'अब मैं तुम्हारे साथ खूब मजा करने वाला हूं', ट्रंप ने ग्रैमी अवॉर्ड के होस्ट को लेकर क्यों कहा ऐसा?

दरअस्ल, शो के होस्ट नोआ ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वाऊ, हर एक आर्टिस्ट ग्रैमी अवॉर्ड को वैसे ही चाहता है जैसे ट्रंप ग्रीनलैंड और एपस्टीन आइलैंड को चाहते हैं.

@0hour1
Sagar Bhardwaj

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस वक्त पूरी तरह से सनक गए हैं. कभी वह जबरदस्ती नोबेल पुरस्कार लेने की मांग करते हैं तो कभी ग्रीनलैंड की मांग करते हैं. ताजा मामला ग्रैमी अवॉर्ड से जुड़ा हुआ है. हुआ ये कि सोमवार को 68वें ग्रैमी अवॉर्ड कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम के होस्ट ट्रेवर नोआ ने डोनाल्ड ट्रंप का नाम यौन अपराधों के दोषी जेफ्री एपस्टीन से जोड़ते हुए एक मजाक किया. डोनाल्ड ट्रंप को ये मजाक रास नहीं आया  और उन्होंने नोआ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दे डाली.

क्या बोले थे नोआ

दरअस्ल, शो के होस्ट नोआ ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वाऊ, हर एक आर्टिस्ट ग्रैमी अवॉर्ड को वैसे ही चाहता है जैसे ट्रंप ग्रीनलैंड और एपस्टीन आइलैंड को चाहते हैं. कॉमेडियन  नोआ के इतना कहते ही वहां बैठी जनता ठहाके मारकर हंसने लगी

ट्रंप को एक नया आइलैंड चाहिए

नोआ ने आगे कहा कि यह बात समझ में आती है क्यों एपस्टीन के जाने के बाद ट्रंप को बिल क्लिंटन के साथ समय बिताने के लिए एक नया आइलैंड चाहिए.  लेकिन ट्रंप को यह रास नहीं आया और उन्होंने गुस्से में आकर कह दिया कि ग्रैमी अवॉर्ड देखने लायक नहीं है और उन्होंने नोआ को लूजर तक कह डाला.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'ग्रैमी अवॉर्ड्स सबसे घटिया और लगभग न देखने लायक हैं.' ट्रंप ने कहा कि वह नोआ पर मानहानि का दावा करेंगे.

ट्रंप ने लिखा, 'मैं बिल के बारे में कुछ नहीं कह सकता लेकिन मैं कभी एपस्टीन द्वीप या उसके आसपास नहीं गया हूं और आज रात के झूठे और मानहानिकारक बयान से  पहले मुझ पर कभी भी वहां होने का आरोप नहीं लगाया गया है यहां तक की फर्जी समाचार मीडिया द्वारा भी नहीं.' ट्रंप ने कॉमेनडियन नोआ को पूरी तरह से हारा हुआ बताते हुए कहा कि उन्हें अपने तथ्यों को सही करने की जरूरत है.

मैं तुम्हारे साथ खूब मजा लेने वाला हूं

ट्रंप ने आगे लिखा, 'मैं अपने वकीलों को इस बेचारे, निकम्मे, प्रतिभाहीन, बेवकूफ एमसी पर मुकदमा करने के लिए भेजूंगा...तैयार हो जाओ नोआ मैं तुम्हारे साथ खूब मजा करने वाला हूं.'

क्या है एपस्टीन मामला

गौरतलब है कि जेफ्री एपस्टीन एक यौन अपराधी था जिसकी जेल में ही मौत हो गई थी. पिछले सप्ताह उससे जुड़ी 30 लाख से अधिक फाइलें सार्वजनिक की गई थीं जिनमें कई हाईप्रोफाइल हस्तियों के नाम शामिल थे जिनमें ट्रंप, मस्क, बिल गेट्स, बिल क्लिंटन और ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू शामिल हैं.