ट्रंप का नया ऐलान! 'न्यू मेक्सिको नहीं, न्यू अमेरिका कहिए...', सोशल मीडिया पर शेयर किया नक्शा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने फैसले से सबको चौंका दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि अब न्यू मेक्सिको का नाम बदलकर न्यू अमेरिका कर दिया गया है.

ANI
Shanu Sharma

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने फैसलों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं. हर बार की तरह एक बार फिर से वह अपने एक नए फैसला को लेकर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. ट्रंप ने अमेरिका के दक्षिण-पश्चिमी राज्य न्यू मेक्सिको का नाम बदलकर 'न्यू अमेरिका' कर दिया है. 

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर राज्य का एक मैप शेयर किया है, जिसमें न्यू मेक्सिको में से 'मेक्सिको' शब्द हटाकर उसकी जगह 'अमेरिका' लिखा गया था. हालांकि, नाम बदलने की कोई आधाकारिक सूचना नहीं दी गई है, इसलिए ट्रंप के इस पोस्ट को केवल एक राजनीतिक संदेश की तरह देखा जा रहा है.

पहली बार नहीं बदला नाम

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कोई पहली बार नाम में बदलाव नहीं किया है. उनके इस फैसले को उनके पहले के फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा है. जनवरी 2025 में उन्होंने एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसके तहत मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर 'गल्फ ऑफ अमेरिका' करने का निर्देश दिया गया था. इसी आदेश के तहत अलास्का की उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी डेनाली का नाम फिर से 'माउंट मैकिन्ले' करने का फैसला भी लिया गया था. ट्रंप लंबे समय से अमेरिकी पहचान और राष्ट्रीय हितों को लेकर कड़े रुख के लिए जाने जाते हैं.


कनाडा को लेकर भी दे चुके हैं बड़ा बयान

ट्रंप केवल मेक्सिको को लेकर ही चर्चा में नहीं रहे हैं. वह कई मौकों पर कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बात भी कह चुके हैं. एक साक्षात्कार में उन्होंने कनाडा के साथ अमेरिका के संबंधों और आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि कनाडा को अमेरिका से मिलने वाली आर्थिक मदद पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए.

ट्रंप के इस बयान पर कनाडा की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आती रही है. दोनों देशों के बीच व्यापार और शुल्क को लेकर पहले से तनाव बना हुआ है. अमेरिका की ओर से कनाडा के सामान पर शुल्क बढ़ाए जाने के बाद दोनों देशों के संबंधों में व्यापारिक तनाव और बढ़ गया. जवाब में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिकी कदम का विरोध किया और अमेरिकी उत्पादों पर भी जवाबी शुल्क लगाने की बात कही.