'रूसी महिलाओं के साथ थे संबंध...', बिल गेट्स का एपस्टीन फाइल्स पर कबूलनामा, स्टाफ के सामने माफी मांगते हुए क्या बोले?

जेफ्री एपस्टीन से जुड़े नए दस्तावेज सामने आने के बाद बिल गेट्स ने गेट्स फाउंडेशन के कर्मचारियों से माफी मांगी. उन्होंने अपने संबंधों को गलती बताया और किसी भी अवैध गतिविधि से साफ इनकार किया.

@ProfNoorul
Anuj

नई दिल्ली: एपस्टीन फाइल्स विवाद के दोबारा सुर्खियों में आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. हाल में जारी अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों के बाद उनके पुराने संबंधों पर फिर सवाल उठे.

इसी को लेकर बिल गेट्स ने गेट्स फाउंडेशन की बैठक में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने कहा कि एपस्टीन के साथ समय बिताना एक बड़ी भूल थी.

बिल गेट्स ने माफी मांगाी

फाउंडेशन के प्रवक्ता के अनुसार, बिल गेट्स ने बैठक में अपने फैसलों की जिम्मेदारी ली. उन्होंने माना कि एपस्टीन के साथ मुलाकातें करना और फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी उन बैठकों में शामिल करना गलत था. गेट्स ने कर्मचारियों से कहा कि उनके फैसले के कारण संगठन के लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि मैं उन सभी से माफी मांगता हूं जो मेरी गलती के कारण इस विवाद में घसीटे गए.

'दो रूसी महिलाओं के साथ संबंध'

रिपोर्ट के मुताबिक, बिल गेट्स ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ निजी संबंध रहे थे. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इन संबंधों का एपस्टीन के पीड़ितों से कोई लेना-देना नहीं था. उनका कहना था कि एपस्टीन को बाद में इन रिश्तों की जानकारी मिली, लेकिन ये किसी भी आपराधिक गतिविधि से जुड़े नहीं थे.

'कोई अवैध काम नहीं किया'

गेट्स ने कर्मचारियों के सामने साफ कहा कि उन्होंने कोई अवैध काम नहीं किया. उन्होंने कहा कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया और न ही कुछ गलत देखा. उन्होंने यह भी दोहराया कि वह कभी एपस्टीन के किसी पीड़ित के साथ नहीं रहे और न ही उन महिलाओं के साथ समय बिताया जो आपराधिक मामलों से जुड़ी थी.

एपस्टीन के साथ गेट्स की तस्वीर

हाल में अमेरिकी न्याय विभाग के रिकॉर्ड और तस्वीरें सामने आई, जिनमें गेट्स को एपस्टीन के साथ बैठकों में देखा गया. कुछ तस्वीरों में उनके साथ महिलाओं की मौजूदगी दिखी, जिनके चेहरे छिपाए गए थे. इन खुलासों के बाद आलोचना तेज हुई और गेट्स की छवि पर असर पड़ा. फाउंडेशन ने पहले ही स्पष्ट किया था कि उसने कभी एपस्टीन को कोई भुगतान नहीं किया और न ही उसे नियुक्त किया.

एआई इम्पैक्ट समिट में संबोधन नहीं दिया

विवाद के बीच गेट्स ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में अपना संबोधन रद्द कर दिया. वह इस कार्यक्रम में सुंदर पिचाई और सैम ऑल्टमैन के साथ मंच साझा करने वाले थे. फाउंडेशन ने बयान जारी कर कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया, ताकि सम्मेलन का ध्यान उसके मुख्य उद्देश्यों पर केंद्रित रहे, न कि विवाद पर.