T20 World Cup 2026

एपस्टीन की मौत से पहले जेल गार्ड ने गूगल पर खोजी थी उससे जुड़ी जानकारी, कुछ मिनटों बाद हो गई थी यौन तस्कर की मौत

जांच में यह भी सामने आया कि एपस्टीन की जेल में मौत के कुछ दिन पहले उसकी जेल गार्ड के खाते में 5000 डॉलर भी जमा हुए थे.

@CollinRugg
Sagar Bhardwaj

यौन तस्कर जेफ्री एपस्टीन को लेकर हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं. नई रिपोर्ट में सामने आया कि एपस्टीन की मौत से पहले जेल की एक गार्ड ने उसे इंटरनेट पर खोजा था. हाल ही में जारी अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों में बताया गया है कि एपस्टीन की मौत से कुछ ही मिनट पहले जेल की एक गार्ड ने इंटरनेट पर उनके बारे में जानकारी खोजी थी. इस खुलासे के बाद मामले को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक न्यूयॉर्क के मैनहट्टन स्थित मेट्रोपॉलिटन करेक्शनल सेंटर में तैनात सुधार अधिकारी टोवा नोएल ने 10 अगस्त 2019 की सुबह कंप्यूटर पर “जेल में एपस्टीन की ताजा खबर” सर्च की थी. एफबीआई के रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने यह सर्च सुबह करीब 5:42 बजे और फिर 5:52 बजे की थी.

बताया गया कि इसके करीब 40 मिनट बाद उनके साथी गार्ड माइकल थॉमस ने सुबह लगभग 6:30 बजे एपस्टीन को उनकी जेल कोठरी में लटका हुआ पाया. जांच एजेंसियों का मानना है कि एपस्टीन ने कपड़े के टुकड़ों की मदद से खुदकुशी की थी.

हालांकि 2021 में न्याय विभाग के सामने दिए गए बयान में टोवा नोएल ने इस बात से इनकार किया कि उन्होंने एपस्टीन के बारे में इंटरनेट पर कोई सर्च किया था. उनका कहना था कि उन्हें ऐसी किसी सर्च की याद नहीं है और एफबीआई के रिकॉर्ड पूरी तरह सही नहीं हो सकते.

जांच में यह भी सामने आया कि नोएल और उनके सहयोगी माइकल थॉमस पर ड्यूटी रिकॉर्ड में गलत जानकारी दर्ज करने का आरोप लगा था. दोनों पर यह आरोप था कि उन्होंने रिकॉर्ड में लिखा कि वे रात भर कैदियों की जांच करते रहे, जबकि ऐसा नहीं हुआ था. बाद में दोनों को नौकरी से हटा दिया गया, हालांकि उनके खिलाफ लगाए गए आपराधिक आरोप बाद में वापस ले लिए गए.

दस्तावेजों में नोएल के बैंक खाते से जुड़ी कुछ वित्तीय गतिविधियों का भी जिक्र किया गया है. एक रिपोर्ट के अनुसार उनके खाते में कई बार नकद जमा हुआ था. इनमें जुलाई 2019 में जमा किए गए 5,000 डॉलर भी शामिल हैं, जो एपस्टीन की मौत से करीब दस दिन पहले जमा किए गए थे.

एफबीआई की जांच में जेल के सीसीटीवी फुटेज का भी अध्ययन किया गया. जांचकर्ताओं का मानना है कि रात करीब 10:40 बजे कैमरे में दिखाई देने वाला धुंधला व्यक्ति संभवतः टोवा नोएल ही हो सकती हैं. हालांकि इस बारे में पूरी तरह पुष्टि नहीं हो पाई है.

एपस्टीन की मौत के बाद से ही इस मामले को लेकर कई सवाल और अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रही हैं. नए दस्तावेज सामने आने के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है.