'मैंने एक बेटे की ताकत देखी...', भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद रिंकू की मंगेतर प्रिया सरोज ने लिखा भावुक पोस्ट
भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया.
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम ने तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ टीम के कई खिलाड़ियों की कहानियां भी चर्चा में हैं. उन्हीं में से एक नाम रिंकू सिंह का भी है. रिंकू सिंह मुश्किल हालात में भी टीम के साथ खड़े रहे और उनके जज्बे ने सभी का दिल जीत लिया.
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान रिंकू सिंह के जीवन में एक बेहद दुखद घटना हुई. उनके पिता का निधन हो गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने टीम का साथ नहीं छोड़ा. पिता के निधन के अगले ही दिन वह फिर से टीम के साथ मौजूद थे. यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन रिंकू ने देश और टीम के लिए खुद को मजबूत बनाए रखा. पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने पांच मैच खेले, जिनमें उनके बल्ले से 24 रन निकले. हालांकि, उनके लिए सबसे बड़ी बात मैदान पर मौजूद रहना और टीम का हिस्सा बने रहना था.
प्रिया सरोज ने जताया गर्व
भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने रिंकू की टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि कुछ दिन स्याही से लिखे जाते हैं, लेकिन 8 मार्च जैसे दिन इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं.
यह वह दिन है जब टीम इंडिया ने ICC Men's T20 World Cup जीतकर हर भारतीय के दिल को गर्व से भर दिया, एक ऐसा पल जिसे यह राष्ट्र पीढ़ियों तक याद रखेगा और मनाता रहेगा. इस ऐतिहासिक जीत के बीच मैंने एक बेटे की ताकत भी देखी, जो अपने पिता, अपनी टीम और अपने देश के लिए डटकर खड़ा रहा. जीवन के सबसे कठिन पलों में भी मैदान पर उतरकर चैंपियन बनकर निकलना , यह एक अलग ही साहस की बात है. टीम इंडिया को और आपको बधाई हो, जिन्होंने दुनिया को दिखाया कि असली ताकत क्या होती है.
जल्द हो सकती है शादी
बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने पिछले साल 8 जून को अपने परिवार के करीबी लोगों की मौजूदगी में सगाई की थी. यह कार्यक्रम बेहद निजी रखा गया था. अब दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं. माना जा रहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग खत्म होने के बाद रिंकू सिंह अपनी शादी की तैयारियों में जुट सकते हैं. भारतीय टीम की इस बड़ी जीत के बीच रिंकू सिंह की यह कहानी सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि हिम्मत, जिम्मेदारी और समर्पण की भी मिसाल बनकर सामने आई है.