ईरान युद्ध की भारी कीमत चुका रहा अमेरिका, हर दिन 82 अरब रुपये स्वाहा; ट्रंप बेफिक्र
ईरान-अमेरिका युद्ध में अमेरिका ने हर दिन बहुत पैसे खर्च कर रहा है. आईए एक रिपोर्ट के मुताबिक आपको पूरा खर्च बताते हैं...
अमेरिका-ईरान के साथ जारी युद्ध में हर दिन लगभग 891 मिलियन डॉलर खर्च कर रहा है. सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) के विश्लेषण के अनुसार, अकेले लड़ाई के पहले हफ्ते में कुल खर्च 6 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है. यह आंकड़ा कई छोटे देशों के सालाना सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) से भी अधिक है.
पहले हफ्ते में 6 बिलियन डॉलर खर्च
पेंटागन ने अमेरिकी कांग्रेस को बताया है कि युद्ध के पहले हफ्ते में लगभग 6 बिलियन डॉलर खर्च हुए हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिपब्लिकन पार्टी को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही और फंडिंग की मांग करेगा. CSIS का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को कांग्रेस से पूरक विनियोग (सप्लीमेंट्री एप्रोप्रिएशन) लेना पड़ सकता है, जैसा कि इराक और अफगानिस्तान युद्धों के दौरान हुआ था.
हथियारों पर 4 बिलियन डॉलर खर्च
पहले हफ्ते की लागत का लगभग 4 बिलियन डॉलर सिर्फ हथियारों पर खर्च किए गए, जिनमें ज्यादातर ईरानी मिसाइलों को मार गिराने वाले इंटरसेप्टर शामिल थे. रोजाना के खर्च में हवाई अभियान पर 30 मिलियन डॉलर, नौसेना अभियान पर 15 मिलियन डॉलर और जमीनी अभियान पर 1.6 मिलियन डॉलर शामिल हैं.
नेपाल की पूरी सालाना जीडीपी खर्च
इस खर्च को समझने के लिए अगर दूसरे देशों से तुलना करें तो अमेरिका हर दो दिन में भारत के पूरे सालाना अंतरिक्ष बजट के बराबर खर्च कर रहा है. पाकिस्तान का पूरा रक्षा बजट महज 10 दिनों में और नेपाल की पूरी सालाना जीडीपी दो महीने से भी कम समय में खर्च हो सकती है.
210 बिलियन डॉलर तक आर्थिक प्रभाव
यूनिवर्सिटी के शोध के मुताबिक, दो महीने की लड़ाई में सीधा सैन्य खर्च 40 से 95 बिलियन डॉलर के बीच हो सकता है. वहीं इसका कुल आर्थिक प्रभाव 210 बिलियन डॉलर तक जा सकता है. ईरान की रणनीति ऑपरेशन मैडमैन के तहत संघर्ष को लंबा खींचकर अमेरिका और उसके सहयोगियों पर अधिकतम आर्थिक बोझ डालने की है.
ट्रंप की बिना शर्त सरेंडर की मांग
इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान से बिना शर्त सरेंडर की मांग की है, जबकि डेमोक्रेट्स और कुछ रिपब्लिकन उनके इस रुख पर सवाल उठा रहे हैं. ट्रंप ट्रुथ सोशल पर लगातार पोस्ट कर रहे हैं और "मेक ईरान ग्रेट अगेन" के नारे के साथ अपनी बात खत्म कर रहे हैं.