क्या महिलाएं, क्या बुजुर्ग... बांग्लादेश में सड़कों पर जारी हिंसा की भयावह तस्वीरें, अब तक 32 लोगों की मौत
Bangladesh Violence Updates: बांग्लादेश में जारी हिंसा में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हैं. इनमें ज्यादातर छात्र शामिल हैं. राजधानी ढाका समेत देश के अन्य शहरों में सैकड़ों छात्र सड़कों पर हैं. कई बार छात्रों की बांग्लादेश पुलिस से हिंसक झड़प भी हुई है. इस दौरान उपद्रवी न तो महिलाओं पर हमले करने से चूक रहे हैं, न बुजुर्गों को छोड़ रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल कुछ तस्वीरें काफी भयावह हैं.
Bangladesh Violence Updates: बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों के लिए कोटा सिस्टम में सुधार की मांग कर रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा बढ़ने से कम से कम 32 लोग मारे गए हैं और 2,500 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं. गुरुवार को, विरोध प्रदर्शन ने और भी भयानक रूप ले लिया, जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने देश के एक न्यूज चैनल को आग के हवाले कर दिया. एक दिन पहले प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बढ़ते संघर्ष को शांत करने के लिए इस चैनल पर दिखीं थीं.
ढाका और अन्य शहरों में अलग-अलग यूनिवर्सिटी के सैकड़ों छात्र कई सप्ताह से रैलियां निकाल रहे हैं और सार्वजनिक क्षेत्र की नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं, जिसमें 1971 में पाकिस्तान से देश की आजादी के लिए लड़ने वाले युद्ध नायकों के रिश्तेदारों के लिए आरक्षण भी शामिल है.
शेख हसीना के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार ने क्या कहा है?
गुरुवार को बांग्लादेश के कानून मंत्री अनीसुल हक ने देश भर में भड़की ताजा हिंसा के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ बातचीत करने की इच्छा व्यक्त की. उन्होंने कहा कि जब भी वे सहमत होंगे, हम बैठेंगे... सरकार कोटा सुधारवादियों के साथ बातचीत करने के लिए सहमत हो गई है.इस बीच, हसीना ने जानमाल के नुकसान की निंदा की तथा सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने तक धैर्य रखने का आह्वान किया.