menu-icon
India Daily

5 करोड़ की सुपारी, कहा था- लाश के टुकड़े-टुकड़े होने चाहिए; बांग्लादेशी सांसद की हत्या मामले में बड़ा खुलासा

Bangladesh MP Murder Case: बांग्लादेश अवामी लीग के सांसद अनवारुल अजीम की हत्या को लेकर सनसनीखेज जानकारी सामने आई है. दावा किया जा रहा है कि हत्या के लिए 5 करोड़ रुपये की सुपारी दी गई थी.

India Daily Live
5 करोड़ की सुपारी, कहा था- लाश के टुकड़े-टुकड़े होने चाहिए; बांग्लादेशी सांसद की हत्या मामले में बड़ा खुलासा

Bangladesh MP Murder Case: बांग्लादेश अवामी लीग के सांसद अनवारुल अजीम की हत्या को लेकर सनसनीखेज जानकारी सामने आई है. बांग्लादेशी अखबार 'द डेली स्टार' में दावा किया गया है कि सांसद की हत्या के लिए 5 करोड़ रुपये की सुपारी दी गई थी. ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने सैयद अमानुल्लाह, शिलास्ती रहमान और फैसल अली उर्फ ​​साजी नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं. बांग्लादेश पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने सांसद की हत्या में अपनी सीधी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.

सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे के मास्टरमाइंड के रूप में मोहम्मद अक्तारुज्जमां उर्फ ​​शाहीन नाम के शख्स की पहचान की गई है. कहा जा रहा है कि आरोपी पिछले एक महीने से वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. आरोपी हर महीने कम से कम पांच बार कोलकाता आना-जाना करते थे. आरोपियों ने राजारहाट में एक फ्लैट किराये पर लिया है. 13 मई की रात को जेनैदाह-4 निर्वाचन क्षेत्र के सांसद अनवारुल की उस फ्लैट में हत्या कर दी गई थी.

सोने की अवैध तस्करी से जुड़े मामले में हुई हत्या!

बांग्लादेशी मीडिया प्रोथोम अलो की एक रिपोर्ट के अनुसार, माना जाता है कि अनवारुल की हत्या सोने की अवैध तस्करी से जुड़े मामले में साजिश के तहत की गई है. फिलहाल, हत्याकांड का मास्टरमाइंड अकतरुज्जमां उर्फ ​​शाहीन अब तक पकड़ा नहीं जा सका है. उसकी तलाश की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक वह नेपाल भाग गया है. हत्याकांड का मास्टरमाइंड, झेनाइदाह के कोटचंदपुर नगर पालिका के मेयर मोहम्मद सहीदुज्जमां का छोटा भाई बताया जा रहा है.

पुलिस को ये भी पता चला कि अक्तारुज्जमां और अनवारुल अजीम पहले से परिचित थे. अक्तारुज्जमां का गांव का घर जेनाइदे में है. अकतरुज्जमां का घर ढाका के गुलशन में है. उसके पास अमेरिकी नागरिकता भी है. उसका घर ब्रुकलिन, न्यूयॉर्क में है. हत्या में इस्तेमाल किए गए कोलकाता के फ्लैट को किराए पर लेने के लिए अक्तारुज्जमां ने अमेरिकी पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था.

13 मई को लापता हुए थे सांसद 

अज़ीम 12 मई को कोलकाता गए और बोराह नगर में एक पारिवारिक मित्र के घर पर रात बिताई थी. अगले दिन वे ये कहकर निकले थे कि डॉक्टर के पास जा रहे हैं. हालांकि, इसके बाद वे घर नहीं लौटे. बांग्लादेश के गृह मंत्री के मुताबिक, कोलकाता के एक फ्लैट में अजीम की हत्या कर दी गई. अब तक जानकारी मिली है कि हत्या में शामिल सभी लोग बांग्लादेशी हैं. उन्होंने बताया कि अनवारुल अजीम का घर जेनेदाह सीमा के नजदीक है और जो क्राइम के लिए जाना जाता है. 

दावा किया जा रहा है कि 2008 में अजीम का नाम इंटरपोल की वांटेड लिस्ट में था. 2000 और 2008 के बीच अजीम 21 मामलों में आरोपी बना था, जिसमें हत्या के तीन मामले शामिल थे. चुनाव आयोग में दाखिल उनके हलफनामे में कहा गया है कि उन्हें अलग-अलग समय पर आरोपों से बरी कर दिया गया. 

किसने और क्यों की बांग्लादेशी सांसद की हत्या?

बांग्लादेश के खुफिया और कानून प्रवर्तन के कई सूत्रों ने कहा कि अजीम और बांग्लादेशी-अमेरिकी नागरिक मोहम्मद अख्तरुज्जमां दोनों मिलकर कोलकाता में सोने की अवैध तस्करी करते थे. सूत्रों ने बताया कि हाल ही में कारोबारी मामले को लेकर दोनों के बीच अनबन हुई थी. इस बात के सबूत हैं कि अख्तरुज्जमां ने अजीम को मारने के लिए अमानुल्लाह नाम के एक व्यक्ति को काम पर रखा था, जिसे मंगलवार रात ढाका में गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद अमानुल्लाह ने मुस्तफिजुर और फैसल नाम के दो अन्य लोगों को वारदात को अंजाम देने के लिए शामिल किया. नाम न बताने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि मुस्तफिजुर और फैसल को भी कल गिरफ्तार कर लिया गया.

अख्तरुज्जमां ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए जिहाद और सियाम नाम के दो अन्य लोगों को भी काम पर रखा था, जो बिना पासपोर्ट के भारत गए थे. पुलिस ने बताया कि अमानुल्लाह कभी पूर्बो बांग्लार कम्युनिस्ट पार्टी का नेता था और वो हत्या के दो मामलों में 20 साल तक जेल में भी रहा है.

नाम न बताने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि मास्टरमाइंड अख्तरउज्जमां ने जिहाद और सियाम के लिए कोलकाता में एक फ्लैट किराए पर लिया था. अख्तरउज्जमां और अमानुल्लाह 30 अप्रैल को कोलकाता भी गए थे. गिरफ्तार किए गए अमानुल्लाह, मुस्तफिजुर और फैसल ने जांच में जुटी टीम को बताया कि उन्होंने सांसद की हत्या किराए के फ्लैट में की थी. फिर शव को टुकड़ों में काटा गया, दो सूटकेस में भरा गया और एक भारतीय व्यक्ति को सौंप दिया गया.

आरोपी अमानुल्लाह ने पूछताछ में बयां की पूरी कहानी

ढाका के मोहम्मदपुर से गिरफ्तार किए गए अमानुल्लाह ने पूछताछ के दौरान पूरी कहानी बयां की. उसने अधिकारियों को ये भी बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने 5 करोड़ टका (3.55 करोड़ भारतीय रुपये) की सुपारी ली थी. खुफिया सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड का मास्टरमाइंड अख्तरुज्जमां मंगलवार को दिल्ली से काठमांडू के लिए रवाना हुआ है. डेली स्टार के मुताबिक, बोराह नगर पुलिस स्टेशन के एक जांच अधिकारी ने कहा है कि हत्या की योजना बनाने वाले संदिग्ध का नाम मोहम्मद अख्तरुज्जमां है. हालांकि ये पुष्ट नहीं है कि मास्टरमाइंड नेपाल में दाखिल हुआ है या नहीं. जरूरत पड़ने पर इंटरपोल की मदद ली जाएगी.

फ्लैट में मिले खून के धब्बे, बंगाल सीआईडी जांच में जुटी

डेली स्टार के मुताबिक, पश्चिम बंगाल सीआईडी ​​मामले की जांच कर रही है. इंस्पेक्टर जनरल (IG) अखिलेश चतुर्वेदी ने कहा कि हमें बांग्लादेशी सांसद के शहर में आने की कोई पूर्व सूचना नहीं थी. गोपाल बिस्वास की ओर से डायरी दर्ज कराने के बाद हमें उनके बारे में पता चला. लापता बांग्लादेशी सासंद का पता लगाने के लिए बैरकपुर पुलिस की ओर से एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था. उधर, बंगाल पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, फ्लैट में खून के धब्बे पाए गए हैं, जहां सांसद को अंतिम बार देखा गया था. फोरेंसिक टीम संदिग्ध अपराध स्थल की जांच कर रही है.

उधर, बांग्लादेशी सांसद अजीम की बेटी मुमतरीन फिरदौस डोरेन ने अज्ञात लोगों पर आरोप लगाते हुए शेर-ए-बांग्ला नगर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया है. उन्होंने हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग की है. मैं आरोपियों का अंत देखना चाहती हूं. आखिर आरोपियों ने मेरे पिता की हत्या क्यों की.