Bangladesh News: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनके कैबिनेट मंत्री और संसद सदस्यों के डिप्लोमेटिक पासपोर्ट रद्द करने का फैसला किया है. अंतरिम सरकार ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, नाम न बताने की शर्त पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अंतरिम सरकार इस पर फैसला ले चुकी है बस औपचारिक अधिसूचना बाकी है. उन्होंने बताया कि यह कदम उन अधिकारियों के राजनयिक पासपोर्ट पर भी लागू होगा जिन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति पर भेज दिया गया था या जिनके अनुबंध समाप्त कर दिए गए थे.
अधिकारी ने बताया कि अंतरिम सरकार ने राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने का फैसला किया है. आमतौर पर डिप्लोमेटिक पासपोर्ट लाल रंग का होता है. अब यह लोग आधिकारिक पदों पर नहीं हैं इसलिए सरकार इनके पासपोर्ट रद्द करने का फैसला कर रही है. हालांकि, उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने इस मामले पर आव्रजन और पासपोर्ट विभाग को केवल मौखिक निर्देश जारी किए हैं, हालांकि अभी तक कोई औपचारिक अधिसूचना नहीं दी गई है. अधिकारी ने कहा कि लिखित निर्देश आज (गुरुवार) विभाग को भेजे जा सकते हैं.
अधिकारी ने कहा कि गृह और विदेश मंत्रालय राजनयिक पासपोर्ट जारी करने की मंजूरी देते हैं. गृह मंत्रालय ने हाल ही में राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश की है. विदेश मंत्रालय भी पासपोर्ट विभाग से इन पासपोर्ट को रद्द करने के लिए कह सकता है. अधिकारी ने बताया कि पासपोर्ट विभाग ने राजनयिक पासपोर्ट रद्द करने के लिए आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.
यह निर्णय हसीना की अवामी लीग पार्टी के कई पूर्व कैबिनेट मंत्रियों और सांसदों के बांग्लादेश से भागने की कोशिश करने की खबरों के बाद लिया गया है. देश से भागने की कोशिश कर रहे कुछ कैबिनेट मंत्रियों को हिरासत में लिया गया था, तथा बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने पिछले दो सप्ताह में भारत के साथ सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है.हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच हसीना भारत आ गई थीं. कई रिपोर्टों में कहा गया है कि वह वैध दस्तावेजों के बिना ही चली गईं.