आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए अमेरिका, भारत को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार: पूर्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन

अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की वकालत की. उन्होंने भारत के आत्मरक्षा के अधिकार और भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी का समर्थन किया.

ANI
Sagar Bhardwaj

अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भारत और पाकिस्तान के साथ वाशिंगटन के रिश्तों को लेकर अहम बयान दिया है. उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि भारत को अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का पूरा अधिकार है. उनके इस बयान में भारत-अमेरिका और अमेरिका-पाकिस्तान संबंधों की प्रकृति में अंतर भी साफ नजर आया.

भारत-अमेरिका के रिश्तों को बताया रणनीतिक साझेदारी

नई दिल्ली में इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन के चेयरमैन जावेद अशरफ के साथ बातचीत के दौरान ब्लिंकन ने भारत-अमेरिका संबंधों की सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत एक वैश्विक शक्ति है और दोनों देशों के साझा हित भी वैश्विक स्तर पर जुड़े हुए हैं. ब्लिंकन ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में भारत और अमेरिका के रिश्तों में बड़ा बदलाव आया है. पहले दोनों देशों के बीच दूरी थी, लेकिन अब संबंध एक मजबूत और विशेष रणनीतिक साझेदारी में बदल चुके हैं. यह साझेदारी साझा हितों के साथ-साथ दोनों देशों के नागरिकों के बीच मजबूत संबंधों पर भी आधारित है.

पाकिस्तान के साथ अमेरिका के रिश्ते क्षेत्रीय हितों तक सीमित

पाकिस्तान के साथ संबंधों पर ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका और इस्लामाबाद के बीच साझेदारी मुख्य रूप से क्षेत्रीय हितों तक सीमित रही है. उन्होंने माना कि शीत युद्ध और अफगानिस्तान युद्ध के दौरान अपने रणनीतिक हितों के कारण अमेरिका ने पाकिस्तान के नागरिक और सैन्य तंत्र की उतनी आलोचना नहीं की, जितनी की जानी चाहिए थी.


हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद से मुकाबले जैसे कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर पाकिस्तान के साथ सहयोग की जरूरत बनी हुई है. इसके बावजूद भारत और पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों की प्रकृति अलग-अलग है.

आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस, भारत को आत्मरक्षा का अधिकार

आतंकवाद के मुद्दे पर ब्लिंकन ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति होनी चाहिए. उनके मुताबिक, अमेरिका को भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करना चाहिए और आतंकवादी हमलों का जवाब देने के उसके प्रयासों का समर्थन करना चाहिए. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु हथियारों से लैस देश हैं. ऐसे में अमेरिका को तनाव बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास भी जारी रखने चाहिए, ताकि किसी बड़े टकराव और उसके गंभीर परिणामों से बचा जा सके.

रूस के साथ भारत के रिश्तों पर भी रखी राय

रूस के साथ भारत के पारंपरिक संबंधों पर ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका यह उम्मीद नहीं करता कि भारत मॉस्को के साथ अपने ऐतिहासिक रिश्ते खत्म कर दे. उन्होंने माना कि कुछ मुद्दों पर भारत और अमेरिका के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन रूस के साथ भारत की पुरानी दोस्ती का अपना महत्व है.

AI और क्वांटम तकनीक में सहयोग पर जोर

ब्लिंकन ने अंतरिक्ष, क्वांटम तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे उभरते क्षेत्रों को भारत-अमेरिका सहयोग के लिए महत्वपूर्ण बताया. उनके मुताबिक, ये क्षेत्र दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.