Walmart attack: अमेरिका के मिशिगन राज्य में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शख्स ने वॉलमार्ट स्टोर में घुसकर एक के बाद एक 11 लोगों पर चाकू से हमला कर दिया. शनिवार शाम करीब 4.45 बजे ट्रैवर्स सिटी स्थित स्टोर में हुई इस घटना से लोग डर और दहशत में आ गए. लोगों ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को रोकने की कोशिश की, जिसके कुछ ही मिनटों बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
शुरुआती जांच में इसे अचानक हुई हिंसा बताया जा रहा है. घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद स्टोर के बाहर पुलिस और इमरजेंसी वाहन तैनात किए गए हैं. अब जांच एजेंसियां इस बात की तह में जाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर इस हमले की वजह क्या थी.
शनिवार की शाम एक 42 साल का शख्स अचानक वॉलमार्ट स्टोर में घुसा और अपनी जेब से फोल्डिंग चाकू निकालकर वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों पर हमला करने लगा. ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में एक डिप्टी ने मौके पर पहुंचकर हमलावर को दबोच लिया. स्टोर स्टाफ ने भी साहस दिखाते हुए घायलों की मदद की और हमलावर को रोकने में सहयोग किया.
हमले में घायल सभी 11 लोगों को इलाज के लिए नजदीकी मुनसन हेल्थकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल की प्रवक्ता ने जानकारी दी कि छह लोगों की हालत गंभीर है जबकि पाँच की हालत स्थिर बनी हुई है. अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम अलर्ट पर है और घायलों को हर संभव सहायता दी जा रही है.
अभी तक हमले के पीछे की मंशा साफ नहीं हो सकी है. हमलावर की पहचान उजागर नहीं की गई है लेकिन उसे मिशिगन का निवासी बताया गया है. मिशिगन पुलिस और ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ की टीम इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. एफबीआई भी जांच में सहायता कर रही है. राज्य की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने घटना पर दुख जताया और पीड़ितों के साथ संवेदना प्रकट की है.