Thailand Cambodia border dispute: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सीमा विवाद अब खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है. रविवार तड़के एक बार फिर दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ गईं और भारी गोलाबारी शुरू हो गई. ये सब उस वक्त हो रहा है जब संघर्षविराम की अपीलें की जा रही हैं और कूटनीतिक हल तलाशे जा रहे हैं.
बॉर्डर से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित कंबोडिया का सम्रोंग शहर धमाकों की गूंज से दहल उठा. लगातार तोपों की आवाज से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है. हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि दोनों देशों के नागरिक सीमा से सटे इलाकों को खाली करने को मजबूर हो रहे हैं.
सीमा पर चल रही झड़पें रविवार को चौथे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं. थाई और कंबोडियाई सेनाओं के बीच तड़के गोलाबारी शुरू हुई, जो कई घंटों तक चलती रही. संघर्षविराम की कई अपीलें बेअसर साबित हो रही हैं.
सम्रोंग शहर, जो बॉर्डर से करीब 20 किलोमीटर दूर है, वहां तक गोलियों और धमाकों की आवाज पहुंच रही है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बॉर्डर पर हालात कितने बिगड़ चुके हैं. लोगों ने बताया कि उन्होंने इस तरह की स्थिति पहले कभी नहीं देखी.
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 817 किलोमीटर लंबी सीमा को लेकर दशकों पुराना विवाद चला आ रहा है. सबसे बड़ा तनाव ‘प्रीह विहेयर’ मंदिर को लेकर है, जिसे ICJ ने 1962 में कंबोडिया को सौंपा था। लेकिन थाईलैंड इसे पूरी तरह मानने को तैयार नहीं है, जिससे हर कुछ साल में तनाव बढ़ जाता है.