menu-icon
India Daily

एक ओर युद्ध विराम, दूसरी तरफ ईरान के दो एनर्जी साइट पर हमले! ट्रंप ने दी थी पावर प्लांट पर अटैक की धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी ईरान के साथ युद्ध रोकने की बात कही है. हालांकि इसी बीच ईरान के दो ऊर्जा स्थलों पर हवाई हमले हुए हैं. अब इस हमले के पीछे कौन है, इस बात की कोई जानकारी नहीं है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
एक ओर युद्ध विराम, दूसरी तरफ ईरान के दो एनर्जी साइट पर हमले! ट्रंप ने दी थी पावर प्लांट पर अटैक की धमकी
Courtesy: ANI

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच ईरान के दो ऊर्जा स्थलों पर हवाई हमले हुए हैं. ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने मंगलवार की सुबह यह जानकारी दी. इसी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों पर सवाल उठने लगें. फार्स एजेंसी ने बताया कि एक हमला इस्फहान में प्राकृतिक गैस के बुनियादी ढांचे पर भी हुआ, इसमें गैस प्रशासन भवन और गैस प्रेशर कम करने वाली संरचना को नुकसान पहुंचा.

ईरानी रिपोर्ट के मुताबिक दूसरा हमला खुर्रमशहर में हुआ. यह हमला बिजली संयंत्र को गैस पहुंचाने वाली पाइपलाइन के पास एक प्रोजेक्टाइल गिरा. हालांकि स्थानीय गवर्नर ने कहा कि पाइपलाइन को सीधा नुकसान नहीं पहुंचा है. इस हमले में किसी भी हताहत की खबर नहीं मिली है. हालांकि इस रिपोर्ट में यह साफ नहीं बताया गया कि इन जगहों को जानबूझकर निशाना बनाया गया या फिर आसपास के हमलों में फंस गए.

अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा

ईरान के ऊर्जा स्थल पर हुए इस हमले के बारे में न तो अमेरिका ने और न ही इजरायल ने जिम्मेदारी ली है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका एक सम्मानित ईरानी नेता से बात कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि ईरान युद्ध खत्म करने के लिए समझौते को लेकर उत्सुक है. ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के लिए समय सीमा पांच दिन बढ़ा दी है. हालांकि पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान 48 घंटे में इस रास्ते को नहीं खोलता तो ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला होगा. हालांकि बाद में 48 घंटे पूरे होने से पहले युद्ध विराम का ऐलान कर दिया गया. अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से कहा गया कि यह विस्तार चल रही चर्चाओं पर निर्भर करता है. 

ईरान की ओर से किस नेता से बात कर रहे ट्रंप?

ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है. उन्होंने बताया कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर ने रविवार को ईरानी नेता से बात की. हालांकि उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि ईरान की ओर से बात कर रहा नेता कौन था? हालांकि इस बात पर सफाई जरूर पेश की कि अमेरिका ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई से बात नहीं कर रहा है.

ट्रंप के दावों पर ईरान का रिएक्शन

ट्रंप ने दावा किया है कि अगर दोनों के बीच सही समझौता हो जाता है तो ईरान अपना एनरिच्ड यूरेनियम अमेरिका को सौंप देगा. साथ ही ईरान परमाणु हथियार नहीं रखेगा. हालांकि ट्रंप के इन दावों को ईरान ने नकार दिया है. ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई. उन्होंने कहा कि ट्रंप बाजार में हेरफेर करने के लिए झूठी खबरें फैला रहे हैं. ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर कहा कि वह अभी उस रास्ते को नहीं खोलने वाले हैं. अब तक इस युद्ध में दो हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई है.