Isreal Hamas War: इजरायल हमास जंग अब 20वें दिन में प्रवेश कर चुकी है. इस बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल अपने अस्तित्व और अपनों की सुरक्षा की लड़ाई लड़ रहा है. बुधवार को किये गए संबोधन में बेंजामिन ने 7 अक्टूबर की घटना की जिम्मेदारी भी ली. उन्होंने कहा कि उस दिन जो भी हुआ हम उसकी जांच करेंगे, मगर यह जांच जंग तक नहीं होगी.
रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर हमारे इतिहास के सबसे काले दिनों में से एक था. हम इजरायल की दक्षिणी सीमा पर जो भी हुआ उसकी तह जाएंगे और उसकी जांच करेंगे. बेंजामिन ने अपने संबोधन में कहा कि इस मामले की पूरी जांच होगी. इस पर सभी को जवाब देना होगा, जिसमें मैं भी शामिल हूं. मगर यह सब युद्ध खत्म होने के बाद होगा.
अपने संबोधन में बेंजामिन ने कहा कि इस युद्ध में सेना के दो लक्ष्य हैं. एक हमास की सैन्य क्षमताओं और उसके शासन को खत्म करना, दूसरा हमारे बंधकों को सुरक्षित घर वापस लाना. उन्होंने कहा कि यह हमारे अस्तित्व की लड़ाई है. हमास के सभी सदस्य मृत व्यक्ति जैसे हैं जो जमीन के अंदर, बाहर और गाजा में घूम रहे हैं.
गाजा में जमीनी कार्रवाई के बारे में उन्होंने कहा कि यह जल्द शुरू होगी. यह कब और कैसे शुरू होगी इस बारे में अभी नहीं बताया जा सकता. इजरायल ने अपने दक्षिणी इलाके पर हमला होने के बाद गाजा में जमीनी कार्रवाई करने के लिए लगभग 4 लाख सैनिकों की तैनाती की है. पीएम ने कहा कि गाजा में जमीनी कार्रवाई का निर्णय आईडीएफ चीफ और वॉर कैबिनेट की बैठक के बाद लिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः 'मैं हैरान हूं' , इजरायल के इस्तीफे मांगे जाने पर बोले यूएन चीफ एंटोनियो गुटेरेस