menu-icon
India Daily

बैंकॉक में भरे बाजार चली ताबड़तोड़ गोलियां, 6 लोगों की मौत, हमलावर ने खुद को भी मारी गोली

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक बाजार में सोमवार को एक बंदूकधारी ने अचानक ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई. मरने वाले सभी लोग सुरक्षा गार्ड बताए जा रहे हैं. गोलीबारी के बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली.

Yogita Tyagi
Edited By: Yogita Tyagi
बैंकॉक में भरे बाजार चली ताबड़तोड़ गोलियां, 6 लोगों की मौत, हमलावर ने खुद को भी मारी गोली
Courtesy: X

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार को एक भयावह घटना सामने आई, जब एक बंदूकधारी ने शहर के व्यस्त बाजार में अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में सभी लोग बाजार की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े बताए जा रहे हैं. यह दर्दनाक घटना बैंकॉक के बैंग सू जिले में घटी, जहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हमला करने वाले व्यक्ति ने गोलीबारी के बाद खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बैंग सू जिले के उप पुलिस प्रमुख वोरापत सुकथाई ने बताया कि फिलहाल पुलिस इस घटना के पीछे की वजह की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह एक ‘सामूहिक गोलीबारी’ का मामला प्रतीत हो रहा है.

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल 

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें से एक में एक शख्स को हाथ में बंदूक लिए बाजार में घूमते देखा जा सकता है. वहीं, दूसरे वीडियो में गोलीबारी के बाद बाजार में अफरातफरी और लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है. हालांकि इन वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है.

थाईलैंड-कंबोडिया के बीच सीमा विवाद चरम पर 

गौरतलब है कि यह गोलीकांड ऐसे समय में हुआ है जब थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद चरम पर है. हाल ही में दोनों देशों के बीच संघर्ष में 33 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 1.68 लाख लोग विस्थापित हुए हैं. हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के प्रयासों के चलते दोनों देशों ने सीजफायर को लेकर बातचीत के संकेत दिए थे.