'BJP की जमीन बंजर, जनता को किया गुमराह', अब किस बात पर नायब सिंह सैनी से नाराज हुईं कुमारी शैलजा?
Haryana Politics: कांग्रेस सासंद कुमारी शैलजा ने कहा है कि बीजेपी ने जनता को 10 साल तक धोखे में रखा और उनसे लूटपाट की. विधानसभा चुनावों में बीजेपी को राज्य की जनता मुहंतोड़ जवाब देगी. 10 साल में केंद्र सरकार के पास कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं था, जिसे सिरसा में आवंटित नहीं किया गया हो. गरीबों को सिर्फ राशन देने से ही गरीबी दूर नहीं होगी, यह सरकार लोगों को रोजगार नहीं दे पाई.
कांग्रेस महासचिव कुमारी शैलजा ने कहा है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) जनता को गुमराह कर रही है. बीजेपी ने 10 साल तक जनता के साथ धोखा दिया और प्रदेश को जमकर लूटा है. 10 साल में बीजेपी ने कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं दिया, डबल इंजन की सरकार ने जनता को धोखा दिया है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी गरीबों को 5-5 किलो राशन देकर गरीबी दूर करना चाहती है, जबकि राशन नहीं, रोजगार से गरीबी दूर होगी.
सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी शैलजा ने कहा छत की बात करने वाली केंद्र सरकार छत तो नहीं दे रही है, लोगों के आशियाने छीन रही है. 100-100 गज के प्लाट देने का वायदा कर 30-30 गज के प्लॉट दे रही है, जिसकी सरकार कीमत तक वसूल कर रही है. विधानसभा चुनाव में जनता BJP को राज्य की अनदेखी का मुंहतोड़ जवाब देगी. वे भगवा पार्टी को सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे.
'BJP भूल गई जनता से किया गया वादा'
कुमारी शैलजा ने कहा, 'हरियाणा की जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ बीजेपी को चुना था, दूसरी ओर सुधरने का मौका दिया पर इस पार्टी ने जनता को धोखा दिया और लूटा भी. रोजगार पर कोई काम नहीं किया. सरकारी विभागों में खाली पड़े दो लाख पदों पर कोई नियुक्ति नहीं की, बैकलॉग पूरा करने के बारे में सरकार ने कभी सोचा तक नहीं. सत्ता के नशे में चूर BJP जनता से किया गया वायदा तक भूल गई.'
'100 गज प्लॉट का वादा 30 गज के मिल रहे प्लॉट'
कुमारी शैलजा ने नायब सिंह सैनी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, 'हाऊस फार ऑल को लेकर पीएम ने जनता से वादा किया था कि 2022 तक हर व्यक्ति के सिर पर छत होगी, क्या सभी को मकान मिले, सभी का अपने घर का सपना पूरा हुआ क्या. कांग्रेस ने 100-100 गज के प्लॉट देने शुरू किए थे पर BJP सरकार ने उसे रोक दिया और आज 100 गज के बजाए 30-30 गज के प्लाट देकर भी उनकी कीमत वसूल रही है.'
'तोड़ी जा रही हैं गरीबों की झोपड़ी'
कुमारी शैलजा ने कहा, 'कांग्रेस के कार्यकाल में सिरसा में 1,100 आवास बनाने की योजना मंजूर की थी, जिसका शिलान्यास भी हुआ था. वर्ष 2013 में इसके लिए धनराशि तक जारी कर दी गई थी पर BJP सरकार ने उस योजना को सिरे ही नहीं चढ़ने दिया. जो लोग झुग्गी झोपड़ी में रह गए है उनके आशियाने तक छीने जा रहे हैं या उन्हें तोड़ा जा रहा है.'
सरकार सूबे की जनता को कर रही है गुमराह
कुमारी शैलजा ने कहा, 'सरकार विकास की बात करके जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है. 10 साल के कार्यकाल में जनता को एक भी बड़ा प्रोजेक्ट नहीं मिला. कांग्रेस के राज्य में मंजूर हुए प्रोजेक्ट्स पर काम तक नहीं हुआ. डबल इंजन की सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिला. रोजगार की दिशा में कोई काम नहीं हुआ. बेरोजगार युवा भटकते रहे, नशे को बढ़ावा मिला.
हरियाणा की जनता चाहती है बदलाव
कुमारी शैलजा ने कहा, 'हरियाणा की जनता बदलाव चाहती है. जनता पिछले 10 सालों से दुखी है. जनता कांग्रेस की ओर देख रही है, प्रदेश में कांग्रेस की बयार है, जनता कांग्रेस की ही सरकार बनाएगी. इस विधानसभा चुनाव में जनता BJP को राज्य की अनदेखी का मुंहतोड़ जवाब देगी.'
'BJP की जमीन बंजर'
कुमारी शैलजा ने कहा, 'बीजेपी की असलियल खुल गई है. बीजेपी की जमीन बंजर हो चुकी है, राज्य में भगदड़ मची है. बीजेपी को उम्मीदरवार नहीं मिल रहे हैं, बाहर से उम्मीदवारों को बुलाना पड़ रहा है. बीजेपी हार मान चुकी है. बीजेपी के बड़े नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं, दूसरे दलों में शामिल हो रहे हैं. करनाल सीट से सीएम अच्छे अंतर से जीते थे उन्हें लाडवा विधानसभा से चुनाव लड़वाया जा रहाहै. करनाल में उनकी स्थिति खराब है. बीजेपी की हालत दयनीय बन गई है.'