झारखंड: रक्षक बने भक्षक, थाने में महिला से रेप के मामले में 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड
मामले की जांच के लिए सरायकेला उप-मंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गई है.
झारखंड के सरायकेला खरसावां स्थित गम्हरिया पुलिस स्टेशन में पिछले सप्ताह एक महिला से हुए कथित रेप के मामले में रविवार को पूरा थाना सस्पेंड कर दिया गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. यह घटना 29 अक्टूबर को उस समय घटी जब एक महिला अपने पिता से झगड़े की शिकायत करने पुलिस स्टेशन गई थी. महिला से थाने के अंदर एक कमरे में इंतजार करने के लिए कहा गया जहां कथित तौर पर एक वायरलेस ऑपरेटर ने उसका रेप किया. मामले की जांच के लिए सरायकेला उप-मंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गई है.
15 पुलिस कर्मियों पर गिरी गाज
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक घटना से जुड़े 15 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया गया है. शनिवार को थाने के 6 पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड किया गया था और बाकी बचे स्टाफ जिसमें दो सब-इंस्पेक्टर, चार असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और दो हवलदार और एक कांन्सटेबल शामिल है, को रविवार को निलंबित किया गया.
आरोपियों को भेजा गया जेल
अधिकारी ने बताया कि आरोपी वायरलेस ऑपरेटर और ड्यूटी पर तैनात एक अधिकारी और एक क्लर्क को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. भारद्वाज ने बताया कि महिला ने 31 अक्टूबर को लिखित में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उनसे थाना परिसर में उसके साथ रेप किए जाने का आरोप लगाया था. उन्होंने आगे कहा, 'आदेशों का त्वरित पालन करते हुए एक टीम गठित की गई. आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.' एक के बाद एक सभी कानूनी कार्रवाइयां की जा रही है. SDPO ने कहा कि जांच जारी है जो भी दोषी होगा उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.