IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

'इंतजार कर लेंगे लेकिन कैबिनेट मंत्री पद ही चाहिए...', अजित पवार ने बताया NCP को क्यों नहीं मिला मंत्री पद

लोकसभा चुनाव 2024 में एनसीपी ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे जिसमें से वह केवल रायगढ़ सीट पर जीत पाई. एनसीपी को मोदी कैबिनेट में जगह नहीं दी गई है.

SOCIAL MEDIA
India Daily Live

नरेंद्र मोदी अब से कुछ ही देर में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. उनके साथ-साथ लोकसभा चुनाव जीतकर आए दर्जनों सांसद भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेंगे. हालांकि इस बीच खबर ये है कि अजित पवार की एनसीपी को मोदी कैबिनेट में शामिल नहीं किया जा रहा है. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने इसको लेकर सफाई दी है.

मोदी कैबिनेट में क्यों नहीं मिली एनसीपी को जगह- अजित पवार ने बताया

मीडिया कर्मियों से बातचीत में अजित पवार ने कहा कि हमें स्वतंत्र प्रभार का पद दिया जा रहा था जिसके लिए हमने मना कर दिया. अजित पवार ने आगे कहा, 'प्रफुल्ल पटेल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं. हमें राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार का पद ऑफर हुआ था लेकिन हमने इसे लेने से मना कर दिया. हमने उनसे (बीजेपी) से कहा कि हम कैबिनेत्र मंत्रालय के लिए कुछ दिनों तक इंतजार करने के लिए तैयार हैं. हम शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने जा रहे हैं.'

एनसीपी नेता ने आगे कहा, 'आज हमारे पास एक लोकसभा और एक राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन अगले 2-3 महीनों में हमारे पास राज्यसभा में कुल 3 सदस्य होंगे और संसद में हमारे सांसदों की संख्या 4 होगी. इसलिए हमने कहा कि हमें एक कैबिनेट मंत्रालय दिया जाए.'

वो कैबिनेट मंत्री का पद चाहते हैं- फडणवीस

इससे पहले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने भी यही बात कही थी. उन्होंने कहा था कि अजित पवार की पार्टी को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार का पद दिया गया था लेकिन वे कैबिनेट मंत्री का पद चाहते हैं.

ये मेरा डिमोशन होगा- प्रफुल्ल पटेल

वहीं प्रफुल्ल पटेल ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा, 'भाजपा और एनसीपी के बीच कोई भ्रम नहीं हैं. हमें  राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार का पद दिया जा रहा था लेकिन मैं पहले कैबिनेट मंत्री रह चुका हूं, इसलिए इस पद को स्वीकारना  मेरा डिमोशन होगा इसलिए मैंने इस पद को स्वीकारने से मना कर दिया. हमने इसको लेकर भाजपा को सूचित कर दिया है. उन्होंने हमें कुछ दिन इंतजार करने को कहा है.' गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 में एनसीपी ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे जिसमें से वह केवल रायगढ़ सीट पर जीत पाई.