menu-icon
India Daily

मूसलाधार बारिश ने थामा मुंबई मोनोरेल का पहिया... एलिवेटेड ट्रैक पर फंसी; CM फडनवीस ने दिए जांच के आदेश!

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अनुसार, शहर में भारी बारिश के कारण मोनोरेल ट्रेन में अत्यधिक भीड़ हो गई, जिसके कारण ब्रेक जाम हो गए. फिलहाल, सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है.

mayank
Edited By: Mayank Tiwari
मूसलाधार बारिश ने थामा मुंबई मोनोरेल का पहिया... एलिवेटेड ट्रैक पर फंसी; CM फडनवीस ने दिए जांच के आदेश!
Courtesy: X

मुंबई में भारी बारिश के बीच मोनोरेल ट्रेन ओवरलोडिंग के कारण रुक गई, जिससे यात्रियों को करीब दो घंटे तक फंसे रहना पड़ा. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार (19 अगस्त) को कहा कि मैसूर कॉलोनी के पास फंसी मोनोरेल ओवरलोडिंग के कारण कई फीट ऊंचे ट्रैक पर एक मोड़ पर फंसी हुई है. शिंदे ने बताया कि, शहर में भारी बारिश के कारण मोनोरेल ट्रेन में अत्यधिक भीड़ हो गई, जिससे ब्रेक जाम हो गए.

इस बीच मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) के ज्वाइंट कमिश्नर अस्तिक पांडे ने कहा, “ट्रेन की क्षमता 109 मेट्रिक टन है. मंगलवार को भारी भीड़ के कारण यह क्षमता से ज्यादा लोड हो गई थी. एक मोड़ पर बिजली का यांत्रिक डिस्कनेक्ट हो गया. इसके बाद आपातकालीन ब्रेक लागू हुआ, जिसके कारण रेक ने काम करना बंद कर दिया.” रात 8:30 बजे के आसपास बिजली आपूर्ति ठप होने से चार-कोच वाली मोनोरेल रुक गई, और यात्रियों को खिड़कियां तोड़कर निकाला गया.

यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए 4 बसें तैनात

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने पहले एक अन्य मोनोरेल की मदद से चार कोच वाली मोनोरेल को निकटतम स्टेशन तक खींचने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक जाम रहे. इसके बाद ट्रकों पर लगे कैंची लिफ्ट, क्रेन और सीढ़ियाँ तैनात की गईं. साथ ही बचाए गए यात्रियों को घर पहुंचाने के लिए चार बसें भी तैनात की गईं.

चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच मोनोरेल सेवा बंद

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के आपातकालीन नंबर 1916 पर यात्रियों के कॉल के बाद शाम 6:15 बजे से चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच मोनोरेल सेवा बंद कर दी गई. फायर बिग्रेड टीम ने तीन स्नॉर्कल गाड़ियों की मदद से तुरंत रेस्क्यू काम काम शुरू किया.

CM फडनवीस ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों का पता लगाया जा सके. प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करने की अपील की है.