'क्या हार में क्या जीत में किंचित नहीं भयभीत मैं...', अमेठी में हार के बाद बोलीं स्मृति ईरानी
अमेठी से हार के बाद स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि हमारी सरकार ने 30 साल के लंबित कार्यों को 5 साल के अल्प काल में पूरा किया. उन्होंने कहा कि मैं हमेशा अमेठी की सेवा में बनी रहूंगी.
Lok Sabha Elections 2024: अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा से चुनाव हारने के बाद स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. स्मृति ईरानी ने भाजपा के समर्थकों, कार्यकर्ताओं और अमेठी की जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं लगातार अमेठी की जनता की सेवा करती रहूंगी. भाजपा नेता ने कहा, 'मैं उन सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करती हूं जिन्होंने पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ अमेठी के लिए और पार्टी की सेवा में काम किया है....आज में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की आभारी हूं जिनकी सरकारों ने 30 साल के लंबित कार्यों को 5 साल के अल्प काल में पूरा किया है. मैं सभी जीतने वालों को बधाई देती हूं. मैं अमेठी के लोगों की सेवा में बनी रहूंगी.'
'उम्मीद है इसी तरह अमेठी की जनता की सेवा होती रहेगी'
स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि हमने गांव-गांव जाकर जिस तरह से अमेठी की जनता की सेवा की, मैं आशा करती हूं कि उसी तरह से अमेठी की जनता की सेवा होती रहेगी. हम अपने संगठन को और मजबूत करेंगे. अपनी हार को लेकर स्मृति ईरानी ने कहा, 'संघर्ष पथ पर जैसे की अटल जी कहा करते थे क्या हार में क्या जीत में किंचित नहीं भयभीत में, संघर्ष पथ पर जो मिले यह भी सही वह भी सही.'
राहुल ने लिया हार का बदला
बता दें कि कांग्रेस उम्मीदवार केएल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भारी मतों से हरा दिया है. शर्मा ने ईरानी को 1 लाख 25 हजार वोटों से मात दी. 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने अमेठी में राहुल गांधी को मात दी थी. अमेठी से विजयी हुए केएल शर्मा गांधी परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं. बीते चुनावों में वह कांग्रेस के लिए मैनेजमेंट का काम करते रहे हैं. यही नहीं वह राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी के मैनेजर भी रहे हैं.