Freedom Fighters

CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का पाकिस्तान पर पंच, जदुमणि सिंह ने पाकिस्तानी बॉक्सर को 5-0 से रौंदकर लहराया तिरंगा

ग्लासगो में चल रही राष्ट्रमंडल खेल 2026 मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारत के जदुमणि सिंह और प्रीति पवार ने शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. वहीं आदित्य यादव हारकर बाहर हो गए और लवलीना ने कांस्य पदक पक्का किया.

X (@BLife1947)
Meenu Singh

राष्ट्रमंडल खेल 2026 की मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार शुरुआत जारी रखी है. ग्लासगो में खेले गए मुकाबलों में जदुमणि सिंह और प्रीति पवार ने अपने-अपने वर्ग में प्रभावशाली जीत दर्ज कर अंतिम आठ में जगह बनाई. दोनों मुक्केबाजों ने शानदार तकनीक और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. कॉमनवेल्थ गेम्स में जदुमणि सिंह ने कमाल कर दिया. उन्होंने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है. 

जदुमणि सिंह ने पाकिस्तान के मुक्केबाज को हराया

पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ 16 में जदुमणि सिंह ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात दी. शुरुआती राउंड कड़ा रहा, लेकिन दूसरे दौर से भारतीय मुक्केबाज ने मुकाबले पर पूरी पकड़ बना ली. तेज फुटवर्क और सटीक मुक्कों की बदौलत उन्होंने लगातार दबाव बनाया और शानदार जीत दर्ज की.


अब क्वार्टर फाइनल में होगी नई चुनौती

जदुमणि सिंह ने पूरे मुकाबले में संयम बनाए रखा और अंतिम राउंड में भी बढ़त नहीं गंवाई. उनकी इस जीत के साथ अब क्वार्टर फाइनल में जाम्बिया के म्वेंगो मवाले से मुकाबला तय हो गया है. भारतीय टीम को उनसे अगले दौर में भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है.

प्रीति पवार ने दिखाया दमदार खेल

महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने मलावी की डेबोरा मतेनजे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. पहले ही राउंड में उन्होंने प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बना दिया. दूसरे दौर में लगातार प्रभावी मुक्कों के बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया और प्रीति को आरएससी के आधार पर विजेता घोषित किया. अब उनका सामना उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड से होगा.

आदित्य यादव का सफर हुआ समाप्त

इसके साथ ही पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में आदित्य यादव को युगांडा के नूहू बाटे के खिलाफ करीबी मुकाबले में 3-2 से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ वह टूर्नामेंट से बाहर होने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज बन गए. मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन फैसला प्रतिद्वंद्वी के पक्ष में गया.