West Bengal Govt Jobs Age Limit: पश्चिम बंगाल सरकार का मास्टरस्ट्रोक, युवाओं को बड़ी राहत! 40 के बाद भी कर सकेंगे अप्लाई

पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने विभिन्न सरकारी सेवाओं में भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा (West Bengal Govt Jobs Age Limit) बढ़ाने का फैसला किया है.

Social Media
Meenu Singh

पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने विभिन्न सरकारी सेवाओं में भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा (West Bengal Govt Jobs Age Limit) बढ़ाने का फैसला किया है. लंबे समय से एज लिमिट में छूट की मांग की जा रही थी, अब उन अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब ज्यादा उम्र के उम्मीदवार भी सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिससे हजारों युवाओं को दोबारा मौका मिलेगा.

राज्य के वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में पश्चिम बंगाल सेवा (आयु सीमा वृद्धि) नियम, 1981 में संशोधन की जानकारी दी गई है. नए नियमों के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों की नौकरियों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ा दी गई है. यह फैसला 11 मई से प्रभावी माना जा रहा है. सरकार का कहना है कि बदलती परिस्थितियों और युवाओं की मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.

किस श्रेणी में कितनी बढ़ी आयु सीमा

नई अधिसूचना के अनुसार अब ग्रुप ‘ए’ पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 41 वर्ष कर दी गई है. हालांकि जिन पदों पर पहले से इससे अधिक आयु सीमा लागू थी, वहां पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी.

वहीं ग्रुप ‘बी’ की नौकरियों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 44 वर्ष कर दी गई है. इसके अलावा ग्रुप ‘सी’ और ग्रुप ‘डी’ के पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार अब 45 वर्ष की आयु तक आवेदन कर सकेंगे. यह बदलाव उन अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है जो उम्र सीमा के कारण अब तक आवेदन नहीं कर पा रहे थे.

आयोग से बाहर होने वाली भर्तियों पर भी लागू होंगे नियम

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन पदों पर भर्ती पश्चिम बंगाल लोक सेवा आयोग के माध्यम से नहीं होती, वहां भी अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष ही रहेगी. इसमें राज्य के वैधानिक निकाय, सरकारी कंपनियां और स्थानीय प्राधिकरण शामिल हैं. यानी अब अधिकतर सरकारी संस्थानों में भर्ती प्रक्रिया के लिए आयु सीमा समान रखने की कोशिश की गई है.