menu-icon
India Daily

आज का मौसम: 11 राज्यों में तूफान-बारिश का कहर, IMD का येलो अलर्ट जारी; जानें अपने शहर का हाल

आज 8 अप्रैल को देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
आज का मौसम: 11 राज्यों में तूफान-बारिश का कहर, IMD का येलो अलर्ट जारी; जानें अपने शहर का हाल
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: आज 8 अप्रैल को देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं. दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा रही है. दिल्ली समेत 11 राज्यों में तूफानी बारिश और आंधी का खतरा मंडरा रहा है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है. 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा की रफ्तार और गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भूस्खलन-हिमस्खलन की भी संभावना है. आइए जानते हैं कि आपके राज्य और शहर में आज मौसम कैसा रहेगा. 

दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट

दिल्ली सहित एनसीआर में आज तेज हवाओं, बादलों और बारिश का दौर रहेगा. एक-दो बार आंधी-तूफान भी आ सकता है. अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहेगा. 9 अप्रैल को भी बादल छाए रहेंगे, जबकि 10-11 अप्रैल से मौसम साफ होने की उम्मीद है.

राजस्थान में बारिश और ओले

राजस्थान के जोधपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर 30-50 मिलीमीटर बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी है. 9 अप्रैल के बाद मौसम शुष्क होने और तापमान बढ़ने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान

मध्य प्रदेश के विदिशा, ग्वालियर, भिंड, रीवा, सतना, सागर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और तेज बारिश की संभावना है. ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में ओले भी गिर सकते हैं. 11 अप्रैल को नया विक्षोभ सक्रिय होने की आशंका है.

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश

उत्तर प्रदेश के आगरा, लखनऊ, कानपुर, बरेली, मथुरा, सहारनपुर और मुरादाबाद समेत कई जिलों में 8-9 अप्रैल को मध्यम से भारी बारिश होने वाली है. तेज हवाएं चलने से सावधानी बरतने की जरूरत है.

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार और चंपारण जिलों में भारी बारिश के साथ 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है. किसानों और यात्रियों को सतर्क रहना चाहिए.

उत्तराखंड में बारिश और हवाएं

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 60 किमी/घंटा तक हवाएं चलेंगी. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका है.

हिमाचल में भारी बारिश का खतरा

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और सोलन में 8 से 10 अप्रैल तक मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है. 60 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

हरियाणा-पंजाब में बारिश

हरियाणा के अंबाला, रोहतक और पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री रहेगा, जो सामान्य से कम है.

महाराष्ट्र-गुजरात में गरज-बिजली

गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में 8-9 अप्रैल को गरज, बिजली चमकने और 30-40 किमी/घंटा की हवाओं के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है.

तमिलनाडु में राहत वाली बारिश

चेन्नई समेत तमिलनाडु और पुडुचेरी में रुक-रुक कर मध्यम बारिश होगी. पश्चिमी घाट क्षेत्रों में 11-12 अप्रैल को भी बारिश के आसार हैं. गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. आज दिल्ली में 27/16, मुंबई 29/26, चेन्नई 33/28, कोलकाता 33/23, लखनऊ 28/17, जयपुर 28/17 और शिमला में 14/6 डिग्री तापमान रहेगा. कई शहरों में ठंडक बढ़ गई है.