menu-icon
India Daily

बिजनेसमैन के बेटे ने लग्जरी कार से बाइक को मारी जोरदार टक्कर, गोवा में नाइट शिफ्ट से लौट रही महिला होटल कर्मचारी की मौत

गोवा में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे होटल कर्मचारी दीक्षा परवडकर की मौत हो गई और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोपी डेरियस डायस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
बिजनेसमैन के बेटे ने लग्जरी कार से बाइक को मारी जोरदार टक्कर, गोवा में नाइट शिफ्ट से लौट रही महिला होटल कर्मचारी की मौत
Courtesy: Pinterest

गोवा: पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उत्तरी गोवा में तेज रफ्तार का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक लग्जरी कार की टक्कर से एक युवती की मौत हो गई और उसका साथी यानी बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा रविवार रात नॉर्थ गोवा के डोना पाउला इलाके में हुआ.

पुलिस के अनुसार फाइव-स्टार होटल में काम करने वाली 23 वर्षीय दीक्षा परवडकर अपने सहकर्मी डी अरुणकुमार के साथ बाइक पर घर लौट रही थीं. दोनों अपनी नाइट शिफ्ट खत्म कर वापस जा रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार मिनी कूपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.

कैसी है अभी स्थिति?

हादसे में दीक्षा परवडकर को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं 26 वर्षीय अरुणकुमार की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय आरोपी डेरियस डायस को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि वह एक बिजनेसमैन का बेटा है और हादसे के समय वही कार चला रहा था. पुलिस के मुताबिक कार पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जो आमतौर पर वाहन के रजिस्ट्रेशन से पहले इस्तेमाल की जाती है.

जांच में क्या आया सामने?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे बाइक से टकरा गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस मामला दर्ज कर इस घटना की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के वक्त कार की गति कितनी थी और क्या चालक नशे में था या नहीं.  यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरों को उजागर करती है. खासकर रात के समय सड़कों पर इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है.