US Israel Iran War

मौसम ने बदली चाल, बढ़ते तापमान के बीच कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; जानें वेदर अपडेट

देश के कई राज्यों में मार्च में ही गर्मी तेजी से बढ़ रही है. दिल्ली, यूपी और बिहार में तापमान बढ़ने का अलर्ट है. वहीं राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है और मार्च के महीने में ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में गर्मी और बढ़ सकती है. वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं भी चलने की संभावना है. मार्च की शुरुआत से ही कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है. 

राजधानी दिल्ली में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दौरान करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि 15 मार्च को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है.

उत्तर प्रदेश में कितना रहेगा तापमान?

उत्तर प्रदेश में भी आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च के दौरान राज्य के कई हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी होने की संभावना जताई गई है.

बिहार में कैसी है मौसम की स्थिति?

बिहार में भी गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है. राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में यहां भी गर्मी का प्रभाव बना रह सकता है. हालांकि कुछ स्थानों पर मौसम में हल्का बदलाव भी देखने को मिल सकता है.

अन्य राज्यों में कैसा है मौसम?

राजस्थान में भी मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है. इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 15 से 19 मार्च के बीच इन क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज के साथ बादल छाए रह सकते हैं. इससे लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.