अक्टूबर में जहां लोग मानसून के बाद साफ आसमान और सुहाने मौसम की उम्मीद करते हैं, वहीं देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम बदल सकता है. कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है.
इस दौरान पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है. वहीं, समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. अलग अलग राज्यों में बारिश और हवा की रफ्तार को लेकर स्थानीय स्तर पर चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में घर से निकलने से पहले अपने जिले का मौसम अपडेट देखना जरूरी है.
मौसम विभाग के दिए गए पूर्वानुमान के मुताबिक, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, झारखंड, तेलंगाना, जम्मू कश्मीर, आंध्र प्रदेश, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा में बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी भी चल सकती है. राजस्थान में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी है.
दिल्ली में हल्की बारिश के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मेरठ और वाराणसी समेत कई जिलों में हल्की से बहुत तेज बारिश का अलर्ट है. यहां हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. बिहार के पटना, गया, पश्चिम चंपारण, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिलों में आंधी बारिश की आशंका है.
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, शिवपुरी, सागर, बैतूल, रायसेन और भोपाल के आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का असर हो सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर और जयपुर समेत कई क्षेत्रों में बारिश और आंधी की चेतावनी है. राज्य के कुछ हिस्सों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और चंबा समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है. उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और देहरादून समेत कई क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतनी चाहिए. पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.