PM Narendra Modi Manipur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मणिपुर यात्रा को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने करारा हमला बोला है. राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर में बहुत समय से परेशानियां चल रही हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी अब वहां जा रहे हैं.
बता दें कि पीएम मोदी 13 सितंबर यानी शनिवार को मणिपुर का दौरा करेंगे. राज्य में लंबे वक्त से जारी अशांति के बीच पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है.
पूर्वोत्तर राज्य में 3 मई 2023 को जातीय हिंसा भड़की थी. हिंसा के बाद यह पहली बार पीएम मोदी मणिपुर के दौरे पर जा रहे हैं. इतनी हिंसा के बावजूद मणिपुर ना जाने को लेकर विपक्ष पीएम मोदी पर लगातार सवाल उठाता रहा है.
वोट चोरी आज सबसे जरूरी मुद्दा
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आज वोट चोरी देश का सबसे जरूरी मुद्दा है. उन्होंने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव में वोट चोरी किया गया है. राहुल गांधी ने कहा कि आज पूरा देश नरेंद्र मोदी को वोट चोर कह रहा है.
मणिपुर में बहुत समय से परेशानियां चल रही हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी अब वहां जा रहे हैं।
— Congress (@INCIndia) September 12, 2025
आज देश में सबसे जरूरी मुद्दा 'वोट चोरी' है। हरियाणा और महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया है।
आज पूरा देश नरेंद्र मोदी को 'वोट चोर' कह रहा है।
: नेता विपक्ष श्री @RahulGandhi pic.twitter.com/cEvvp5nkrj
चुराचांदपुर से होगी दौरे की शुरुआत
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत चुराचांदपुर से करेंगे. यह वही जगह है जहां से मणिपुर में हिंसा की आग जली थी. चुराचांदपुर के बाद पीएम मोदी इंफाल के कांग्ला जाएंगे.
हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम
अपने दौरे पर पीएम मोदी मणिपुर को हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और घाटी में विस्थापित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे. पीएम मोदी मणिपुर में 1,300 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और 1,200 करोड़ रुपए मूल्य के पूर्ण हो चुके कार्यों का उद्घाटन करेंगे.