'अब और चुप्पी नहीं', ट्रेन में महिला के साथ हुई शर्मनाक हरकत; पीड़िता ने वीडियो शेयर कर बताई आपबीती
वंचिनाड एक्सप्रेस में अकेले यात्रा कर रही एक महिला, एलीना एलिजाबेथ कूरियन ने अपने साथ हुई यौन उत्पीड़न की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर न्याय की मांग की है. एलीना ने कपड़ों पर सवाल उठाने वालों को आईना दिखाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है.
नई दिल्ली: सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा एक बार फिर गंभीर चर्चा का विषय बन गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने ट्रेन में होने वाले यौन उत्पीड़न और महिलाओं के प्रति सुरक्षा संबंधी चिंताओं को फिर से उजागर कर दिया है. यह घटना 15 मार्च की है, जब एलीना एलिजाबेथ कूरियन चंगनाचेरी से एर्नाकुलम साउथ के लिए वंचिनाड एक्सप्रेस में अकेले यात्रा कर रही थीं.
एलीना द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में करीब 50 से 60 वर्ष की आयु का एक व्यक्ति बार-बार उनकी ओर देखते हुए अशोभनीय इशारे करता नजर आ रहा है. वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि आरोपी व्यक्ति एलीना को असहज करने के इरादे से लगातार घूर रहा था.
'कपड़ों को दोष देने वाले खुद एक समस्या हैं'
अक्सर ऐसी घटनाओं के बाद समाज महिलाओं या लड़कियों के कपड़ों पर सवाल उठाने लगता है. एलीना ने इस पितृसत्तात्मक सोच पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, 'इससे पहले कि कोई मेरे पहनावे पर न्याय करने की कोशिश करे, इसका मेरे कपड़ों से कोई लेना-देना नहीं है. यदि आपका पहला विचार मेरे कपड़ों के बारे में है, तो आप खुद समस्या का हिस्सा हैं.
एलीना ने खुलासा किया कि यह उनके साथ पहली बार नहीं हुआ था, बल्कि पूर्व में भी एक बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा उन्हें गलत तरीके से छुआ गया था, लेकिन तब वह डर और लाचारी के कारण चुप रही थीं. हालांकि, इस बार उन्होंने हार मानने से इनकार कर दिया. उन्होंने एर्नाकुलम साउथ आरपीएफ में वीडियो के साथ शिकायत दर्ज कराई है, जहां पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया है. एलीना का कहना है कि वह इसलिए बोल रही हैं क्योंकि उनकी कहानी उन अनगिनत महिलाओं की आवाज है जो अक्सर शर्म, डर या लाचारी की वजह से चुप रह जाती हैं.
नेटिजन्स ने की साहस की तारीफ
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनके इस साहस की सराहना की है. एक यूजर ने लिखा, 'यह आरोपी किसी का पिता, पति या बेटा होगा, यह रील उन तक पहुंचनी चाहिए." इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी महिला के साहस की तारीफ की है और प्रशासन से अपील की है कि दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए, जिससे समाज में एक कड़ा सन्देश जाए.