Budget 2026: दवाइयां, चमड़ा, कपड़े..., बजट 2026 में क्या हुआ सस्ता और क्या महंगा, चेक करें पूरी लिस्ट

केंद्रीय बजट 2026 पेश होने के बाद आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि अब क्या सस्ता होगा और क्या महंगा. वित्त मंत्री के ऐलानों से दवाइयों स्मार्टफोन और खेल सामान पर राहत की उम्मीद बढ़ी है.

India Daily
Babli Rautela

नई दिल्ली: केंद्रीय बजट 2026 पेश होते ही आम आदमी की नजरें उन चीजों पर टिक गई हैं जिनका सीधा असर रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है. 1 फरवरी को निर्मला सीतारमण ने संसद में लगातार नौवां बजट पेश किया है. बजट भाषण के दौरान सरकार ने कई ऐसे ऐलान किए जिनसे आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है. खास तौर पर स्वास्थ्य टेक्नोलॉजी और खेल से जुड़े क्षेत्रों पर इस बार ज्यादा ध्यान दिया गया है.

बजट 2026 की सबसे बड़ी राहत स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी मानी जा रही है. वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां सस्ती की जाएंगी. इससे लाखों मरीजों और उनके परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा. दवाओं के सस्ता होने से सिर्फ मरीजों को ही नहीं बल्कि पूरे स्वास्थ्य सिस्टम को फायदा मिलेगा. इलाज बीच में छोड़ने की समस्या कम हो सकती है. खास तौर पर मिडल क्लास और गरीब परिवारों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. यह कदम देश में बढ़ती गैर संक्रामक बीमारियों से निपटने में भी मददगार साबित हो सकता है.

भारत में बने स्मार्टफोन हो सकते हैं सस्ते

बजट 2026 में मेक इन इंडिया अभियान को और मजबूत करने के संकेत दिए गए हैं. सरकार के ऐलान के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि भारत में बने स्मार्टफोन और टैबलेट की कीमतों में कमी आ सकती है. साथ ही देश में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग को भी बढ़ावा मिलेगा. स्मार्टफोन और टैबलेट आज सिर्फ लग्जरी नहीं बल्कि जरूरत बन चुके हैं. पढ़ाई से लेकर काम तक हर जगह इनका इस्तेमाल होता है. ऐसे में इनके सस्ता होने से छात्रों छोटे कारोबारियों और नौकरीपेशा लोगों को सीधा फायदा मिल सकता है. बजट 2026 का यह कदम डिजिटल इंडिया की दिशा में भी अहम माना जा रहा है.

चमड़े से बने उत्पादों में राहत की उम्मीद

बजट के बाद चमड़े से बने उत्पाद भी सस्ते हो सकते हैं. जूते बैग और दूसरे लेदर सामान आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल हैं. अगर इनकी कीमतों में कमी आती है तो बाजार में मांग बढ़ सकती है. इससे इस सेक्टर से जुड़े कारीगरों और छोटे उद्योगों को भी फायदा होगा.

खेल इक्विपमेंट पर खास ध्यान

बजट 2026 में खेल क्षेत्र को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए गए हैं. वित्त मंत्री ने कहा कि खेल इक्विपमेंट को अधिक किफायती बनाने पर जोर दिया जाएगा. इसका सीधा फायदा युवाओं और खिलाड़ियों को मिलेगा. खेल सामान सस्ते होने से ज्यादा बच्चे और युवा खेलों की ओर आकर्षित हो सकते हैं.

युवाओं के लिए बड़ा मौका

खेल इक्विपमेंट के सस्ता होने से स्कूल कॉलेज और स्थानीय खेल अकादमियों को भी राहत मिलेगी. इससे जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा. हालांकि बजट भाषण में महंगी होने वाली चीजों को लेकर कोई बड़ा झटका नहीं दिया गया है. फिर भी एक्सपर्ट का कहना है कि आने वाले समय में कुछ सेक्टरों में कीमतों में हल्का उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है. सरकार ने फिलहाल आम आदमी पर अतिरिक्त बोझ न डालने की कोशिश की है.

ये सामान होगे सस्ता

  • कपड़े 
  • लेदर आइटम 
  • सिंथेटिक फुटवियर 
  • चमड़े के उत्पाद 
  • कैंसर-शुगर की 17 दवाएं ड्यूटी फ्री 
  • बीड़ी
  • लिथियम आयन सेल 
  • मोबाइल बैटरियां होंगी सस्ती
  • सोलर ग्लास होंगे सस्ते 
  • मिक्स्ड गैस सीएनजी
  • ईवी
  • माइक्रोवेब ओवन
  • विमानों का ईंधन
  • विदेश यात्रा 

क्या होगा महंगा?

  • शराब
  • स्क्रैप 
  • खनिज 
  • वायदा कारोबार करना
  • तंबाकू उत्पाद
  •  सिगरेट