दिल्ली-NCR में प्रदूषण की मार, आधे कर्मचारी करेंगे Work From Home; 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक

दिल्ली-NCR में प्रदूषण की संभावित स्थिति को देखते हुए CAQM ने सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ चलाने और बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने का निर्देश दिया है.

Pinterest
Km Jaya

दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण की आशंका को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने कई अहम कदम उठाए हैं. दिल्ली समेत NCR के शहरों में सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया है. बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने को कहा गया है.

CAQM का यह आदेश 30 अक्टूबर को जारी किया गया है. यह व्यवस्था उन सभी सरकारी और निजी कार्यालयों पर लागू होगी, जहां कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दी जा सकती है. हालांकि, ऐसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों और जरूरी सेवाओं को इससे छूट दी गई है, जहां इस तरह की व्यवस्था लागू करना संभव नहीं है.

बाहरी गतिविधियों पर भी रोक लगाने का फैसला 

इसके अलावा दिल्ली-NCR में निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी बाहरी गतिविधियों पर भी रोक लगाने का फैसला किया गया है. यह प्रतिबंध 5 नवंबर से 20 नवंबर तक लागू रहेगा. यह आदेश दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और नोएडा में भी प्रभावी होगा.


हालांकि, जरूरी सार्वजनिक और राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है. रेलवे, मेट्रो सेवाओं, एयरपोर्ट, इंटर स्टेट बस टर्मिनल, अस्पताल, जल आपूर्ति और स्वच्छता से जुड़े काम जारी रह सकेंगे. इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा से संबंधित परियोजनाओं को भी निर्माण प्रतिबंध से बाहर रखा गया है.

CAQM ने क्या कहा?

CAQM ने कहा कि ये उपाय एहतियाती तौर पर लागू किए गए हैं. आयोग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में मौसम के बदलते हालात के कारण प्रदूषण बढ़ने की आशंका रहती है. ऐसे में सीमित अवधि और निर्धारित क्षेत्र में ये कदम उठाकर वायु गुणवत्ता को नियंत्रित रखने की कोशिश की जा रही है. जरूरी और अनिवार्य सेवाओं को प्रभावित न करने के लिए उन्हें छूट दी गई है.

बारिश के बाद दिल्ली की हवा हुई साफ

दिल्ली-NCR में पिछले दो दिनों हुई तेज बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में फिलहाल सुधार देखने को मिला है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का AQI 60 दर्ज किया गया. यह 10 अक्टूबर 2022 के बाद अक्टूबर महीने का सबसे साफ दिन रहा.

दिल्ली के 54 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 33 पर हवा की गुणवत्ता 'संतोषजनक', 17 पर 'अच्छी' और चार स्टेशनों पर 'मध्यम' दर्ज की गई. सबसे साफ हवा लोधी रोड इलाके में रही, जहां AQI 33 दर्ज किया गया. वहीं पूसा में AQI 105 रहा, जो शहर में सबसे अधिक था.