'अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए', घुसपैठ के सवाल पर जवाब देते हुए मर्यादा भूल गई ममता की सांसद महुआ मोइत्रा!
Mahua Moitra: TMC सांसद महुआ मोईत्रा ने भारत के गृह मंत्री अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है. ऐसे में मोईत्रा के बयान को लेकर हंगामा मचा हुआ है और उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री पर घुसपैठियों को लेकर बयान देते हुए सारी सीमा लांघ दी.
Mahua Moitra: पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने गृहमंत्री अमित शाह को लेकर एक विवादित और आपत्तिजनक बयान दिया है. यह बयान उन्होंने नदिया जिले में पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में दिया, जिसमें उनसे राज्य में अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर बात की गई थी.
इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हंगामा मचा दिया है और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसकी कड़ी निंदा की है. बता दें कि वेस्ट बंगाल में पिछले कई सालों से बांग्लादेशी घुसपैठियों का एक बड़ा मुद्दा रहा है. ऐसे में इसके लिए मोइत्रा ने पूरी तरह से गृहमंत्री को जिम्मेदार ठहराया है.
महुआ मोइत्रा का विवादित बयान
नदिया जिले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान महुआ मोइत्रा ने गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला. मोइत्रा ने आपत्तिजनक शब्दों में कहा, "अगर कोई देश की सीमाओं की रक्षा नहीं कर सकता और घुसपैठिए हमारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, तो पहले गृहमंत्री का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए."
उन्होंने आगे कहा कि "जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से घुसपैठ और जनसांख्यिकी बदलाव की बात करते हैं, तो उस समय गृहमंत्री अमित शाह वहां ताली बजाते नजर आते हैं. मोइत्रा ने यह भी दावा किया कि सीमा सुरक्षा बल (BSF), जो गृह मंत्रालय के अधीन काम करता है, अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहा."
बांग्लादेश से रिश्तों पर सवाल
महुआ मोइत्रा ने अपने बयान में बांग्लादेश के साथ भारत के रिश्तों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि "बांग्लादेश हमारा दोस्ताना देश रहा है लेकिन हाल के वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से यह रिश्ता कमजोर हुआ है. गृह मंत्रालय सीमा पर सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रहा है, जिसके कारण घुसपैठ की समस्या बढ़ रही है."
BJP ने दर्ज कराई शिकायत
महुआ मोइत्रा के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी ने इसे गृहमंत्री के खिलाफ अपमानजनक और अस्वीकार्य टिप्पणी करार दिया. नदिया जिले के कृष्णानगर में बीजेपी कार्यकर्ता संदीप मजूमदार ने कोतवाली थाने में मोइत्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. इस शिकायत में महुआ के बयान को देश के गृहमंत्री के पद की गरिमा के खिलाफ बताया गया है. हालांकि, अभी तक महुआ मोइत्रा ने इस शिकायत पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया है.