Delhi Voter List: वोटर लिस्ट से हटे 47.6 लाख नाम, अब तक सिर्फ 2.5 लाख लोगों ने किया आवेदन
Delhi Voter List: दिल्ली में वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के बाद उन्हें दोबारा जुड़वाने का प्रोसेस स्लो नजर आ रहा है. 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से करीब 47.6 लाख नाम हटाए गए थे.
Delhi Voter List: दिल्ली में वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के बाद उन्हें दोबारा जुड़वाने का प्रोसेस स्लो नजर आ रहा है. 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से करीब 47.6 लाख नाम हटाए गए थे. लेकिन 22 अक्टूबर तक केवल 2.5 लाख लोगों ने ही नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है. यह हटाए गए कुल नामों का लगभग 5.27 प्रतिशत है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बाकी लोग अपने नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन क्यों नहीं कर रहे हैं.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 22 अक्टूबर तक फॉर्म 6 के कुल 2,50,754 आवेदन मिले हैं. इनमें से 20 सितंबर से 22 अक्टूबर के बीच 1,58,470 आवेदन जमा किए गए. इन आवेदनों में नए मतदाताओं के साथ वे लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से हट गए थे. बता दें कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने से पहले भी फॉर्म 6 के जरिए 2,12,400 आवेदन प्राप्त हुए थे.
33 लाख लोगों के नामों पर जताया गया था संदेह:
वोटर लिस्ट की जांच के दौरान करीब 33 लाख लोगों के नामों को लेकर सवाल उठे थे. ये ऐसे मामले थे, जिनमें 2002 की वोटर लिस्ट से जुड़ी जानकारी नहीं मिल पाई थी या रिकॉर्ड में गड़बड़ी सामने आई थी. निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, इनमें से लगभग 29.5 लाख मामलों का समाधान कर लिया गया है.
Also Read
इन लोगों के नाम अंतिम वोटर लिस्ट में शामिल रहेंगे. हालांकि, अगर कोई व्यक्ति फॉर्म 7 भरकर किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराता है, तो उस मामले की दोबारा जांच की जा सकती है. अधिकारियों ने बताया कि सभी आवेदनों का निपटारा 30 नवंबर तक कर दिया जाएगा. इसके बाद 4 दिसंबर को अंतिम वोटर लिस्ट जारी की जाएगी.
क्या है फॉर्म 6 और किसे भरना चाहिए?
फॉर्म 6 का इस्तेमाल वोटर लिस्ट में नया नाम जुड़वाने के लिए किया जाता है. चुनाव आयोग ने उन लोगों से भी यह फॉर्म भरने की अपील की है, जिनके नाम SIR प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से हट गए थे. इससे वे अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
पश्चिमी दिल्ली से सबसे ज्यादा आवेदन:
आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर, जनकपुरी, राजौरी गार्डन और विकासपुरी से सबसे ज्यादा 30,361 आवेदन मिले हैं. उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के किराड़ी, रोहिणी और मंगोलपुरी से 25,925 आवेदन आए. पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी, लक्ष्मी नगर और गांधी नगर से 24,200 लोगों ने आवेदन किया. पुरानी दिल्ली के बल्लीमारान, मटिया महल, सदर बाजार और चांदनी चौक से 10,668 आवेदन मिले.
वहीं, नई दिल्ली और दिल्ली कैंट क्षेत्र से सबसे कम 4,341 आवेदन प्राप्त हुए. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला, कालकाजी और तुगलकाबाद से 4,153 लोगों ने फॉर्म 6 भरा.