'केंद्र से जल्द हटने वाली है बीजेपी...', TMC प्रमुख ममता बनर्जी का बड़ा दावा; सुवेंदु सरकार पर बोला हमला

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि एनडीए का नेतृत्व कर रही बीजेपी जल्द ही सत्ता से बाहर हो सकती है.

ANI
Shanu Sharma

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही उन्हें सत्ता से हटा दिया जाएगा. 

ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वह किसी भी तरह की धमकी के आगे नहीं झुकेंगे. बता दें कि उन्हें हाल में उनके अवैध निर्माण को लेकर तोड़फोड़ का नोटिस मिला है.

सुवेंदु सरकार पर बोला हमला

TMC विधायकों की एक बैठक को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बनी बीजेपी सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को निशाना बना रही है. सड़क किनारे ठेले लगाने वाले अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है. उनके स्टॉल बुलडोज किए जा रहे हैं. पूर्व सीएम ने सुवेंदु सरकार की आलोचना करते हुए यह दावा किया कि राज्य में बनी नई सरकार हमारे संवैधानिक विचारों और मूल्यों के साथ छेड़छाड़ कर रही है. इतना ही नहीं उन्होंने यह तक संकेत दिया कि बीजेपी, जो केंद्र में एनडीए का नेतृत्व करती है, वह निकट भविष्य में ही केंद्र की सत्ता खो देगी.  उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में BJP को दिल्ली की सत्ता से हटा दिया जाएगा.

नोटिस मिलने पर भड़के अभिषेक बनर्जी

ममता बनर्जी के आवास पर हुई इस बैठक में उनके भतीजे अभिषेक भी शामिल हुए. उन्होंने कोलकाता नगर निगम द्वारा खुद को मिले नोटिस का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उन्हें दक्षिण कोलकाता स्थित अपने घर के अवैध हिस्सों को गिराने का निर्देश दिया गया है. अभिषेक ने इस नोटिस पर अपनी टिप्पणी देते हुए कहा कि मैं किसी भी धमकी के आगे झुकने वाला नहीं हूं. उन्हें जो करना है करने दो, मेरा घर गिराना है तो गिरा दें मैं उनके आगे नहीं झुकूंगा. उन्होंने राज्य के सीएम पर गंभीर आरोप लगाते  हुए कहा कि हमारे राज्य में कई मुख्यमंत्री हुए, लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री जैसा कोई नहीं. वह व्यक्ति, जिसे कैमरे पर पैसे लेते हुए देखा गया था, उसे मुख्यमंत्री बना दिया गया है. टीएमसी द्वारा इसे बीजेपी की बुलडोजर संस्कृति बताई जा रही है.