देश में डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढोतरी पर शिवसेना (UBT) नेता Sanjay Raut ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने मुंबई में मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह तो होना ही था. इसमें चौंकने वाली कोई बात नहीं है. पहले से ही पता था कि केंद्र सरकार की नीतियों का ऐसा असर तो होना ही है.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जय श्रीराम बोलिये, और बढ़ी हुई तेल कीमतों का आनंद लीजिए. उन्होंने खासकर बीजेपी को वोट देने वालों को निशाने पर लेते हुए कहा कि अब आप लोगों को आराम से बैठना चाहिए. बता दें मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के चलते तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, हालांकि भारत सरकार का कहना है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार है.
शिवसेना सांसद संजय राउत ने तंज भरे अंदाज में कहा कि आपको डीजल और पेट्रोल की कीमतें अधिक लग रही हैं तो एक बार जय श्रीराम बोलिए, कीमतें 10 रुपये कम हो जाएंगी. बीजेपी ने लोगों को यही तो सिखाया है कि जय श्रीराम बोलने से उनकी मनोकामना पूरी हो जाएगी, तो कर लीजिए अपनी मनोकामना पूरी. तेल के दाम कम करा लीजिए.
उन्होंने बीजेपी को वोट देने वालों से कहा कि आप लोग आराम से बैठकर स्थिति का सामना करें. कांग्रेस नेताओं के द्वारा भी तेल बढोतरी और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
मंगलवार को देश में डीजल और पेट्रोल की कीमतें एक बार फिर बढ़ा दी गईं. इस बार औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की बढोतरी हुई है. इससे पहले शुक्रवार को डीजल और पेट्रोल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर की दर से बढ़ाए गए थे. लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में तेल की कीमतों में और उछाल आएगा.
दरअसल मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर तेल कीमतों में उछाल आया है. क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल से अधिक चल रहा है. दरअसल मिडिल ईस्ट तनाव के चलते होर्मुज जलडमरू मध्य से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है और भारत इसी रास्ते से तेल का आयात करता है.