चलती कार में घुसी 20 लाख की हायाबूसा बाइक, दो मासूम समेत 5 की मौत
तेलंगाना के महबूबनगर में पलकोंडा बाईपास पर तेज रफ्तार हायाबूसा बाइक और कार की टक्कर में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई. हादसे की वजह बाइक रेसिंग और 140 किमी/घंटा की रफ्तार बताई जा रही है.
नई दिल्ली: रविवार देर रात तेलंगाना के महबूबनगर में एक दिल दहला देने वाले हादसे में एक स्पोर्ट्स बाइक और एक कार के बीच जबरदस्त टक्क्र हो गई, जिसमें दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक हादसा तब हुआ, जब कार यू टर्न ले रही थी और तभी पीछे से एक हायाबूसा बाइक ने उसे टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि यह जानलेवा टक्कर महबूबनगर इलाके में पलकोंडा बाईपास रोड पर हुई.
मरने वाले पांच लोगों में से दो हायाबूसा बाइक पर सवार थे, जबकि बाकी तीन कार में थे. पुलिस ने बताया कि कार में सवार पीड़ितों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस बोली- शिकायत प्राप्त होने पर की जाएगी कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महबूबनगर ग्रामीण पुलिस ने बताया कि उन्हें रात करीब 1 बजे हुई इस दुर्घटना के बारे में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है. शिकायत प्राप्त होते ही इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी.
कार में सवार परिवार के जिन सदस्यों की मौत हुई है, उनकी पहचान अर्शिया बेगम (30), उजेपा (7) और दो साल के अमर के रूप में हुई है. बाइक सवारों में से एक की पहचान हैदराबाद के रहने वाले 25 वर्षीय याकूब अफजल के रूप में हुई है, जबकि वक अन्य की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
खतरनाक बाइक रेसिंग बताई जा रही है हादसे की वजह
हादसे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस जानलेवा टक्कर की वजह बाइक रेसिंग हो सकती है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बाइक पर सवार दोनों युवक करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे, तभी उन्होंने अपना नियंत्रण खो दिया और कार से जा टकराए.
स्थानीय लोगों ने बताया कि ये युवक अक्सर रात के समय बाईपास को रेसिंग ट्रैक के तौर पर इस्तेमाल करते हैं और स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट करते हुए तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बार बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है.
स्थानीय लोगों का आरोप- शिकायत के बावजूद नहीं होती कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर रात ये युवक अपनी तेज आवाज वाली स्पोर्ट्स बाइक पर बाईपास पर रेस लगाते हैं. वे बहुत खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हैं और बेकसूर लोगों की जान खतरे में डालते हैं. हमने कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी. उन्होंने आगे कहा कि पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए, CCTV कैमरे लगाने चाहिए और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाना चाहिए.
और पढ़ें
- CM विजय का बड़ा एक्शन! महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाई स्पेशल फोर्स, ड्रग माफिया की भी खैर नहीं
- बांग्लादेशी घुसपैठियों की खैर नहीं! एक्शन मोड़ में CM सुवेंदु अधिकारी, बॉर्डर के लिए BSF को दी जमीन की मंजूरी
- UPI पेमेंट से खुला मर्डर का राज! सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस