तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: दक्षिण का किला भेदने की तैयारी में BJP, AIADMK के साथ सीट शेयरिंग फॉर्मुला फाइनल, खाते में आई इतनी सीटें
सीट बंटवारे में सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा की बढ़ती हिस्सेदारी को लेकर हो रही है. पार्टी को इस बार 27 सीटें मिली हैं, जो राज्य में उसके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का संकेत माना जा रहा है.
नई दिल्ली: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इसी बीच एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है. सोमवार को AIADMK के चेन्नई स्थित मुख्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक में इस समझौते को अंतिम रूप दिया गया. इस बैठक में पार्टी महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री के पलानीसामी व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मौजूद रहे.
समझौते के तहत राज्य की कुल 234 विधानसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी को 27 सीटें दी गई हैं. वहीं, PMK 18 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि AMMK को 11 सीटें मिली हैं. तमिलनाडु में मतदान 23 अप्रैल को प्रस्तावित है.
कई बड़े नेता रहे मौजूद
बैठक में तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंथ्रान, पीएमके प्रमुख अंबुमणि रामदास और एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरन शामिल रहे. इस दौरान सभी दलों ने मिलकर चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की. सीट बंटवारे के इस फॉर्मूले के साथ एनडीए ने चुनावी मैदान में एकजुटता दिखाने की कोशिश की है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है.
भाजपा की बढ़ती हिस्सेदारी
इस सीट बंटवारे में सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा की बढ़ती हिस्सेदारी को लेकर हो रही है. पार्टी को इस बार 27 सीटें मिली हैं, जो राज्य में उसके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का संकेत माना जा रहा है. भाजपा लंबे समय से दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. और यह समझौता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
विधानसभा चुनाव में जीतने का दावा
एनडीए नेताओं ने इस गठबंधन को मजबूत बताते हुए दावा किया है कि वे आगामी चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन को कड़ी टक्कर देंगे. उनका कहना है कि यह गठबंधन विकास, स्थिरता और बेहतर शासन के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगा. भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने भी विश्वास जताया कि यह गठबंधन चुनाव में जीत हासिल करेगा और तमिलनाडु में नई सरकार बनाएगा.
23 अप्रैल को चुनाव होगा
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को चुनाव होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे. चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ राज्य में आचार सहिंता लागू कर दी गई है. तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटें है. तमिलनाडु में सीएम एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके लगातार दूसरी बार सत्ता में बरकरार रहने की कोशिश करेगी.
डीएमके को AIADMK और बीजेपी के गठबंधन से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है. हालांकि इस बार का चुनाव 2021 के चुनाव से ज्यादा चुनौतीभरा होगा क्योंकि इस बार तमिलनाडु के चुनाव में एक्टर से अभिनेता बने विजय की पार्टी टीवीके की भी एंट्री होने जा रही है.
और पढ़ें
- तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट को पार करने के लिए तैयार भारतीय ध्वज वाले दो जहाज, LPG लेकर आ रहे जग वसंत और पाइन गैस
- ईरान जंग का भारत पर असर, PM मोदी ने विपक्ष को लिया साथ, जमाखोरों को दी कड़ी चेतावनी; पढ़िए संबोधन की बड़ी बातें
- 'उनका बलिदान सदियों तक प्रेरणा देगा', शहीद दिवस पर पीएम मोदी ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को किया याद