कांग्रेस पार्टी की महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने बीजेपी सरकार के विकास पर तंज कसा है. सिरसा की सासंद कुमारी शैलजा ने सोमवार को कहा कि बीजेपी सरकार ने बीते 10 साल में विकास नहीं किया, प्रदेश का विकास जरूर किया है. बड़े शहरों से ग्रामीण इलाकों तक लोग ट्रैफिक जाम, जलभराव, खराब नालियों, ओवर फ्लो जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं. सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं है, बड़े शहरों में जाम से जिंदगी थम रही है, प्रदेश की जनता मूलभूत सुविधाओं से जूझ रही है लेकिन सरकार काम नहीं कर रही है.
सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, 'अगर बीजेपी इसी को विकास कहती है तो प्रदेश की जनता को ऐसा विकास नहीं चाहिए. बीजेपी जुमलेबाज है झूठी घोषणाएं करने में उसका कोई सानी नहीं है. 10 साल से बीजेपी के उत्पीड़न और शोषण का शिकार हो रही जनता इस बार बीजेपी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और कांग्रेस को सत्ता में लेकर आएगी. विकास को ढूंढ-ढूंढ कर शहरवासी परेशान हैं, टूटी सदकोट से आवाजाही बदहाल है, कानून व्यवस्था चरमरा सी गई है.'
कुमारी शैलजा ने कहा, 'प्रदेश की बीजेपी सरकार ने जब से सत्ता संभाली है, धर्म और जाति के नाम पर जनता को आपस में लड़ाती रही है. विकास के नाम पर बीजेपी ने प्रदेश को और पीछे धकेल दिया, यह सरकार कांग्रेस के शासन में लागू की गई योजनाओं के नाम बदलकर जनता को गुमराह करने का काम करती रही है. अगर बीजेपी सरकार ने कुछ किया होता तो देश का अन्नदाता सड़कों पर न बैठा होता, कर्मचारी अपने हक की आवाज उठाने के लिए धरना प्रदर्शन न करते. जहां पर देखों वहीं पर धरना प्रदर्शन दिखाई देते हैं. इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार ने क्या कुछ किया है.'
कुमारी शैलजा ने कहा, 'आज प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार से जवाब मांग रही है, ये सरकार तो तब जवाब देगी जब उसने कुछ किया हो. बीजेपी सरकार ने 10 साल में झूठी घोषणाओं के सिवाय कुछ नहीं किया. सीएम अपनी ही घोषणाओं पर अमल नहीं कर पाए. मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है पर सरकार ने अपना कोई भी काम जिम्मेदारी से नहीं किया. झूठी घोषणाओं से जनता का पेट नहीं भरने वाला है.'
कुमारी शैलजा ने कहा, 'किसी भी शहर में चले जाओ हर तरफ जाम ही जाम लगा दिखाई देता है. यातायात पुलिस को केवल चालान काटने का काम मिला है, ट्रैफिक जाम से उसका लेना देना नहीं है. NCR में शामिल जिलों में तो ट्रैफिक का बुरा हाल है. एंबुलेंस को निकलने का मौका तक नहीं मिलता है. स्मार्ट सिटी का तमगा हासिल कर चुका फरीदाबाद को ही ले लो, किसी भी मार्ग पर चल जाओ हर ओर लंबा जाम ही दिखाई देगा. वहां पर 25 हजार छोटे-बड़े उद्योग धंधे है, जहां पर आठ लाख कामगार काम करते हैं. 50 हजार से ज्यादा ई रिक्शा है तो 50 हजार से भारी माल वाहक वाहन हैं, उनको देखते हुए यातायात जाम से निपटने के लिए कोई नीति तक नहीं बनाई गई है. इस महानगर में जलभराव भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है. बरसात होने पर नगर तालाब दिखाई देने लगता है. कैथल जैसा धार्मिक शहर जाम के झाम से जूझ रहा है.'
कुमारी शैलजा ने कहा, 'समझ में नहीं आता कि ये सरकार कैथल में सुधार करने आई थी या शहर को बदहाल बनाने? शहर के करनाल रोड, अंबाला रोड, ढांड रोड, जाखौली अड्डा, माता गेट, पिहोवा चौक, छोटू राम चौक, पुराना बस स्टैंड, छात्रावास रोड, अमरगढ़ कॉलोनी, हिंदू कन्या स्कूल रोड, कबूतर चौक, भगत सिंह चौक, चंदाना गेट, नया बस स्टैंड के बाहर, पार्क रोड, सीवन गेट, लघु सचिवालय में भी जलभराव से दिक्कतें हुईं.'
सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, 'गुरुग्राम के हालात ऐसे हैं कि यहां ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलने वाला नहीं है. बडकल चौराहा, ओल्ड फरीदाबाद चौराहा, अजरौंदा चौराहा, बाटा चौराहा सहित अधिकतर चौराहों पर जाम देखा जा सकता है. जलभराव की समस्या तो गुरूग्राम की तकदीर में कभी न मिटने वाले दाग की तरह है. बारिश में गुरुग्राम में अधिकतर जगहों पर जलभराव ही जलभराव दिखाई देता है. सरकार ने वहां की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है. रेवाडी, सोनीपत, करनाल, अंबाला, रोहतक, भिवानी, यमुनानगर, पानीपत, पंचकूला में कही भी चले जाओ, वहां के लोग यातायात जाम, जलभराव, सीवरजाम या ओवर फ्लो, पेयजल संकट, स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं को लेकर रोना रोते हैं.'
सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, 'सिरसा नगर में हालत और भी बुरी है. सड़कें टूटी हैं, गड्ढे भरे हैं. जरा सी बारिश होने पर सिरसा नगर झील जैसा दिखाई देता है. हर शहर में लोग विकास को ढूंढ-ढूंढ कर परेशान हैं, टूटी सड़कों से आवाजाही बदहाल है, जाम ही जाम है. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार के बहकावे में नहीं आने वाली है. इस विधानसभा चुनाव में जनता बीजेपी सरकार से पिछले दस साल का हिसाब-किताब चुकता करने के लिए, वोट से चोटकर उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी, जनता कांग्रेस की सरकार बनाएगी क्योंकि उसे पता है कि कांग्रेस ही उनका भला कर सकती है.'