IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

'308 लाशें, 250 लापता...'वायनाड में त्रासदी, मंजर देख दूसरे देश भी हुए व्याकुल

केरल के वायनाड में आज यानी शनिवार को भी बचाव अभियान जारी है. यहां भूस्खलन से बरामद शवों की संख्या बढ़कर 308 हो गई है.जबकि 187 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है.हालांकि करीब 250 लोग अभी भी लापता हैं और उनके जिंदा होने की उम्मीद कम ही है.लैंडस्लाइड के चौथे दिन पदावेट्टी कुन्नू के निकट एक सुनसान घर से चार सदस्यों के परिवार को बचा लिया गया है. इससे राहत कर्मी उम्मीद कर रहे हैं कि त्रासदी के मलबे में और भी सांसे चल रही होंगी.

Social Media
India Daily Live

केरल के वायनाड में भूस्खलन के कारण मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 308 पार पहुंच चुका है. अभी करीब 250 लोग लापता बताए जा रहे हैं. राहत एवं बचाव कर्मी फिलहाल मलबे में जीवित बचे लोगों और शवों को तलाशने में जुटे हैं, जिससे यह संख्या और बढ़ सकती है. भूस्खलन के कारण मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टा माला और नूलपुझा गांवों में भारी तबाही हुई है.

वायनाड में हुए लैंडस्लाइड ने जहां सैकड़ों जानें ले लीं है, वहीं हादसे में एक 40 दिन की बच्ची और उसका छह साल भाई जिंदगी की जंग लड़ते रहे, दोनों को बचाव दल ने सकुशल बचाया. केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन के मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश अभी भी जारी है. सरकार ने यहां करीब 1,000 से ज्यादा लोगों की मदद के लिए तीन राहत शिविर बनाया है.

वायनाड में चौथे दिन भी तलाश अभियान जारी

लगातार बारिश के कारण हेलिकॉप्टरों के लिए रसद पहुंचाना मुश्लिक हो रहा है. सड़क और पुल लगातार बह गए हैं जिससे बाढ़ के कारण प्रभावित स्थानों और पीड़ितों के लिए रास्ता मुश्लिक हो गया है और इलाका भी काफी कठिन हो रहा है.इस बीच ड्रोन से ली गई कुछ तस्वीर सामने आई है जिससे पता चलता है कि चूरलमाला का पूरा इलाका जलमग्न हो गया है. भारी बारिश के कारण इरुवाझिंजी नदी भी उफान पर है. जिससे उसके किनारे के सभी इलाकों जलमग्न है. वहीं इस बचाव अभियान में खोजी कुत्ते भी काफी मदद कर रहे हैं. कुत्ते अपने सूंघने की क्षमता का इस्तेमाल कर मलबे में फंसे लोगों को खोजने में मदद कर रहे हैं.

'वैज्ञानिक और खोजी कुत्ते भी कर रहे हैं मदद...'

लेफ्टिनेंट कर्नल विकास राणा ने न्यूज एजेंसी ANI से बताया, 'आज भी हमारी योजना कल जैसी ही है, हमने अलग-अलग जोन बांटे हैं और टीमें जोन के लिए रवाना हो गई हैं, टीमों के साथ वैज्ञानिक और खोजी कुत्ते भी गए हैं...स्थानीय लोग तलाशी और बचाव अभियान में हमारा सहयोग कर रहे हैं.."

संवेदनशील क्षेत्र घोषित

केंद्र ने केरल के वायनाड के 13 गांवों सहित पश्चिमी घाट के 56,800 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र (ईएसए) घोषित करने के लिए एक मसौदा अधिसूचना जारी की. यह अधिसूचना वायनाड में भूस्खलन से इतने लोगों की जान जाने के एक दिन बाद आई है.

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने व्यक्त की संवेदना

इस त्रासदी का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि दूसरे देश भी अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं. वायनाड के भूस्खलन पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडन ने भारतीय सुरक्षाकर्मी और प्रथम उत्तरदाताओं की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा, 'हम उन परिवारों के साथ शोक व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और इस कठिन समय में हम भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं'.

आज भी बारिश होने की संभावना
 

बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार वायनाड में आज भी बादल छाए रहेंगे. तो वहीं कई जगहों पर बारिश भी हो सकती है.