Salman Khan Firing Case: सलमान खान के घर फायरिंग के मामले में जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटरों ने दाऊद गैंग से अपनी जान को खतरा बताया है. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य विक्की गुप्ता और सागर पाल 14 अप्रैल की घटना के सिलसिले में तलोजा जेल में बंद हैं. दोनों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की थी.
फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने खुद को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का मेंबर बताया था. अब दोनों आरोपियों ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम गिरोह से अपनी जान को खतरा बताया है. अपने वकीलों के माध्यम से उन्होंने महाराष्ट्र और बिहार सरकार को पत्र लिखकर किसी भी संभावित हमले से सुरक्षा की मांग की है.
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य विक्की गुप्ता और सागर पाल को इस मामले में 14 अप्रैल को गुजरात से गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल तलोजा जेल में बंद हैं. पहला पत्र बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मझरिया निवासी विक्की गुप्ता के भाई सोनू गुप्ता ने लिखा था. दूसरा पत्र उसी इलाके में रहने वाले सागर पाल के भाई राहुल पाल ने भेजा था. पत्रों में उन्होंने दावा किया है कि जब वे जेल में अपने भाइयों से मिले थे, तो उन्हें बताया गया था कि उन दोनों को उसी जेल में बंद दाऊद इब्राहिम गिरोह के सदस्यों की ओर से निशाना बनाया जा सकता है.
पत्रों में आरोप लगाया गया है कि दोनों का वही हश्र होगा जो उनके सह-आरोपी अनुज थापन (32) का हुआ, जिसकी पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी. इस मामले में उसे 26 अप्रैल को एक अन्य व्यक्ति के साथ पंजाब से गिरफ्तार किया गया था. थापन 1 मई को क्राइम ब्रांच के लॉकअप के वॉशरूम में मृत पाया गया था.
इससे पहले, पुलिस ने 14 अप्रैल की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया था, जिसमें दो बाइक सवार लोगों ने बांद्रा इलाके में सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की थी. मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को इस मामले में वांटेड आरोपी घोषित किया गया है. अनमोल बिश्नोई ने फेसबुक पोस्ट के जरिए गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी.