मानसून की तेज रफ्तार से 19 राज्यों में आफत, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 18 अगस्त को देश के 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. यूपी के कई जिलों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है.
देश में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है. 18 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अनुमान है. कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है.
तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा है. किसानों को फसलों को नुकसान से बचाने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं, मछुआरों को भी खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है.
यूपी, बिहार-झारखंड में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, वाराणसी और प्रयागराज में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है. यहां 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बिहार के गया, पटना, सारण, सिवान, बक्सर, बेगूसराय, समस्तीपुर और भागलपुर में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है. इस दौरान 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. झारखंड के रांची, खूंटी, देवघर, धनबाद, साहेबगंज, जमशेदपुर, बोकारो, पलामू, लातेहार, रामगढ़ और लोहरदगा में भी भारी बारिश और आंधी का खतरा है.
Also Read
पहाड़ी राज्यों में भी खतरा
उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल चंपावत और बागेश्वर में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, कुल्लू, बिलासपुर और चंबा में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है. जम्मू-कश्मीर के पूंछ, कुलगाम, जम्मू, पुलवामा और गांदरबल में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का दौर
दिल्ली में 18 अगस्त को मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. राजस्थान में 50 से 60 और मध्य प्रदेश में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.